आइंस्टीन पब्लिक स्कूल हजारीबाग के दो खिलाड़ियों ने जीता कांस्य पदक
हजारीबाग
सिल्ली स्थित प्रेम वाटिका बैंक्वेट हॉल में आयोजित 22वीं झारखंड राज्य जूनियर वुशु चैंपियनशिप में हजारीबाग जिले के आइंस्टीन पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के दो खिलाड़ियों ने कांस्य पदक हासिल कर हजारीबाग का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से 350 से अधिक वुशु खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के सांडा (फाइट) वर्ग में हजारीबाग की चाहत कुमारी ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।
वहीं भुवन कुमार ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। हजारीबाग जिले की सात सदस्यीय टीम ने कोच ललित कुमार के नेतृत्व में प्रतियोगिता में भाग लिया। दोनों खिलाड़ियों ने सांडा वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हजारीबाग वुशु संघ के संरक्षक आचार्य कौटिल्य एवं ध्रुव मुर्मू सिन्हा, अध्यक्ष पूजा आर्या, सचिव संजय मालाकार, कोषाध्यक्ष सिंगराय मुंडा, अंकिता कुजूर, मनोज कुमार, धनराज, राखी कुमारी, शोभा कुमारी सहित आइंस्टीन पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या शिल्पा गुप्ता एवं जिला ओलंपिक संघ के सदस्यों ने बधाई दी। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस तरह की उपलब्धियां जिले के अन्य खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
