Ad image

बरही पुलिस की बड़ी सफलता : मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का खुलासा, चार बाइक बरामद

jharkhandnews024@gmail.com
6 Min Read
WhatsApp Group Join Now

बरही पुलिस की बड़ी सफलता : मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का खुलासा, चार बाइक बरामद

एसडीपीओ राधाप्रेम किशोर के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने आरोपी को किया गिरफ्तार, इटखोरी के गैरेज से मिलीं चोरी की तीन अन्य बाइक

बरही

बरही थाना क्षेत्र में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधाप्रेम किशोर के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर चोरी की कुल चार मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. कौसर अंसारी (36 वर्ष) पिता स्व. हदीश मियां, ग्राम महुदा, थाना इटखोरी, जिला चतरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को बरही पुलिस की दिवा गश्ती के दौरान करसो पुल के पास सुबह करीब 10:30 बजे वाहन जांच की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल को रोका। वाहन चालक से मोटरसाइकिल के कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही संतोषजनक जवाब दे पाया। इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल समेत मो. कौसर अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस ने इटखोरी थाना क्षेत्र के असड़िया गांव स्थित केजीएन गैरेज में छापेमारी की। वहां से विभिन्न कांडों से संबंधित चोरी की तीन अन्य मोटरसाइकिल बरामद की गईं। इस प्रकार पुलिस ने कुल चार मोटरसाइकिल जब्त की हैं। बरही थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधाप्रेम किशोर के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। साथ ही थाना क्षेत्र में गश्ती दलों को सख्ती से वाहन जांच करने का निर्देश दिया गया था।एसआईटी ने आसूचना संकलन, विश्वसनीय गुप्तचरों और सीसीटीवी फुटेज की सहायता से मामले की जांच की। इसी क्रम में पुलिस को आरोपी तक पहुंचने और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता मिली।

बरही के बैंक और भीड़भाड़ वाले इलाकों में करता था रेकी :

एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान के अनुसार, वह मोटरसाइकिल रिपेयरिंग का काम करता था। उसने धनबाद में मोटरसाइकिल मरम्मत का काम सीखा था और वर्ष 2008 में इटखोरी के गोलकाबर चौक पर अपनी रिपेयरिंग दुकान खोली थी। मोटरसाइकिलों की मरम्मत के दौरान उसे उनके लॉक और वायरिंग की जानकारी हो गई थी।आरोपी ने कथित तौर पर आर्थिक तंगी और बढ़ते खर्च का हवाला देते हुए मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। उसके अनुसार, बरही में उसका ससुराल होने के कारण वह यहां के इलाकों से परिचित था। वह बैंक ऑफ इंडिया की बरही शाखा सहित बैंक, बाजार और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर खड़े वाहनों की रेकी करता था और मौका देखकर मोटरसाइकिल चोरी कर लेता था।

स्वीकारोक्ति बयान के अनुसार, वह चोरी की मोटरसाइकिलों को इटखोरी स्थित अपने गैरेज में ले जाकर उनके नंबर प्लेट बदल देता था। इसके बाद चतरा जिले के ग्रामीण इलाकों में लोगों को कागजात नहीं होने की बात बताकर कथित तौर पर आठ से दस हजार रुपये में बेच देता था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह महीने में चार-पांच मोटरसाइकिल चोरी कर बेच देता था। हालांकि, इन सभी दावों की पुष्टि जांच और साक्ष्यों के आधार पर की जानी है।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर निम्नलिखित चार मोटरसाइकिल बरामद की हैं। जिसमें हीरो स्प्लेंडर प्लस, नंबर जेएच 12 एम 4536 बरही थाना कांड संख्या 07/26, दिनांक 4 जनवरी 2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत दर्ज चोरी के मामले से संबंधित, हीरो स्प्लेंडर प्लस, नंबर जेएच 12 पी 4511 बरही थाना कांड संख्या 373/26, दिनांक 17 अक्टूबर 2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत दर्ज चोरी के मामले से संबंधित, हीरो पैशन प्रो, नंबर जेएच 02 ई 4468 चोरी की बरामद मोटरसाइकिल, हीरो स्प्लेंडर प्लस, नंबर जेएच 12 ई 2987 चोरी की बरामद मोटरसाइकिल शामिल है।

आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया :

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मो. कौसर अंसारी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी है। उसके विरुद्ध मयूरहंड थाना कांड संख्या 53/21, दिनांक 23 सितंबर 2021, धारा 379/411 भारतीय दंड विधान के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है।एसडीपीओ राधाप्रेम किशोर ने बताया कि मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए एसआईटी लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधाप्रेम किशोर, बरही थाना प्रभारी एवं पुलिस निरीक्षक बिनोद कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राजबल्लभ कुमार, सूर्यकांत कुमार, संतोष कुमार और मदन गुंडा समेत आरक्षी नीरज कुमार सिंह सहित बरही थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। बरही पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *