पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला के नेतृत्व में रोड नहीं तो टोल नहीं आंदोलन, एनएचएआई ने जल्द कार्य कराने का दिया आश्वासन
बरही
एनएच-19 पर सड़क निर्माण में वर्षों की देरी, बदहाल सर्विस रोड, धूल-गर्द और लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के विरोध में रविवार को रसोइया धमना टोल प्लाजा पर रोड नहीं तो टोल नहीं आंदोलन किया गया। बरही के पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला यादव के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में लोगों ने सड़क की समस्याओं को दूर करने और अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई। पूर्व विधायक ने कहा कि बरही से चौपारण होते हुए गोरहर तक सिक्सलेन सड़क निर्माण में देरी के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। कई स्थानों पर सर्विस रोड की स्थिति खराब है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
आंदोलन के दौरान एनएचएआई के परियोजना निदेशक आशुतोष कुमार सहित बरही के डीएसपी, अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान उमाशंकर अकेला यादव ने परियोजना निदेशक को ज्ञापन सौंपकर महूदी, पिपरा, रसोइया धमना और सिंघरावां में सर्विस रोड का निर्माण जल्द कराने की मांग की। साथ ही ग्राम बारा (महूदी), पंचायत बहेरा के ग्रामीणों की मांग पर अंडरपास निर्माण का मुद्दा भी उठाया, ताकि ग्रामीणों को विद्यालय, मंदिर, श्मशान घाट और खेतों तक आने-जाने में परेशानी न हो। ज्ञापन मिलने के बाद एनएचएआई के परियोजना निदेशक ने सर्विस रोड का निर्माण जल्द कराने और शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने का आश्वासन दिया।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग सुरक्षित सफर, बेहतर सड़क और जनसुविधाओं से जुड़ी है। लोगों ने कहा कि सड़क की समस्याओं का समाधान होने तक ‘रोड नहीं तो टोल नहीं’ की मांग जारी रहेगी।

