चित्रगांशों ने सादगी से चित्रगुप्त पूजा मनाने का लिया निर्णय, दिवंगत ललन सिन्हा को दी श्रद्धांजलि
सामूहिक प्रीतिभोज नहीं होगा, पूजा के बाद लगेगा सार्वजनिक भंडारा, शोकाकुल परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढ़स
बरही
चित्रगुप्त मंदिर परिसर में चित्रांश परिवार, बरही की बैठक अध्यक्ष विनय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आगामी चित्रगुप्त पूजा सादगी से मनाने का निर्णय लिया गया। समाज के वरिष्ठ सदस्य ललन सिन्हा के आकस्मिक निधन के कारण इस वर्ष सामूहिक प्रीतिभोज नहीं होगा। पूजा-पाठ सादगी से किया जाएगा और परंपरा के अनुसार सार्वजनिक भंडारे का आयोजन होगा। बैठक में डॉ. प्रकाश ज्ञानी, राजेंद्र रुखरियार, शैलेंद्र सिन्हा, महेश श्रीवास्तव, राजकिशोर सिन्हा, संजय कुमार सिन्हा, जयदीप कुमार सिन्हा, श्याम कुमार सिन्हा, अमित कुमार सिन्हा और प्रभात कुमार सिन्हा सहित अन्य चित्रांश बंधु उपस्थित थे।
बैठक के समापन पर दिवंगत ललन सिन्हा को श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की। इसके बाद सभी चित्रांश बंधु दिवंगत ललन सिन्हा के आवास पहुंचे और उनके पुत्र राहुल सिन्हा व लक्की सिन्हा सहित परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी। समाज के सदस्यों ने भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में पूरा समाज उनके परिवार के साथ खड़ा है।

