दीपावली-छठ पर यात्रियों को राहत, रांची होकर चलेगी संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस
त्योहारों में ट्रेनों में बढ़ी भीड़ के बीच रेलवे की पहल, उद्घाटन स्पेशल ट्रेन 26 अक्टूबर को संतरागाछी से हुई रवाना, नियमित परिचालन की तारीख बाद में होगी घोषित
रांची। दीपावली और छठ महापर्व के मद्देनजर ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में परेशानी हो रही है। ऐसे में रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रांची होकर पश्चिम बंगाल के संतरागाछी से राजस्थान के खातीपुरा के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू की है। इस पहल से त्योहार के दौरान लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
ट्रेन संख्या 08061 संतरागाछी-खातीपुरा उद्घाटन स्पेशल 26 अक्टूबर को संतरागाछी से दोपहर दो बजे रवाना हुई। यह ट्रेन शाम 5:50 बजे टाटानगर पहुंचेगी। इसके बाद पुरुलिया होते हुए रात 10:50 बजे रांची पहुंचेगी। रांची स्टेशन पर 15 मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन रात 11:05 बजे रवाना होगी और लोहरदगा होते हुए आगे के लिए प्रस्थान करेगी।
यह ट्रेन झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। निर्धारित मार्ग के अनुसार ट्रेन टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डालटनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज, कानपुर, आगरा और दौसा समेत विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव करेगी। उद्घाटन स्पेशल ट्रेन के अगले दिन रात 11 बजे राजस्थान के खातीपुरा पहुंचने का निर्धारित कार्यक्रम है।
हालांकि, ट्रेन संख्या 18061/18062 संतरागाछी-खातीपुरा-संतरागाछी एक्सप्रेस के नियमित परिचालन की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। रेलवे की ओर से नियमित सेवा शुरू होने के संबंध में बाद में जानकारी दी जाएगी।
रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुविधा बेहतर बनाने के लिए मंडल लगातार प्रयास कर रहा है। छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही अतिरिक्त ट्रेनों का परिचालन भी किया जा रहा है, ताकि त्योहार के दौरान यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। रेलवे का प्रयास है कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और त्योहार के दौरान उनकी यात्रा सुगम हो सके।

