सरदार पटेल ने बिखरे भारत को एक सूत्र में पिरोकर अखंड राष्ट्र का निर्माण किया : मनीष जायसवाल
151वीं जयंती पर पटेल चौक स्थित प्रतिमा पर सांसद समेत गणमान्य लोगों ने किया माल्यार्पण, लौहपुरुष अमर रहें के नारों से गूंजा परिसर
हजारीबाग। राष्ट्र की एकता और अखंडता के शिल्पकार भारत रत्न लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को हजारीबाग के पटेल चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल समेत विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं जनसंगठनों से जुड़े लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किये। इस दौरान ‘लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल अमर रहें’ के गगनभेदी नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

मौके पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने अद्भुत नेतृत्व, दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी राष्ट्रदृष्टि के बल पर देश की बिखरी हुई रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभायी। उनकी कार्यक्षमता, अनुशासन और अडिग संकल्प भारतीय इतिहास में सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और सामाजिक समरसता के लिए समर्पित रहा। उन्होंने किसानों, मजदूरों और आम जनता के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया।

सांसद ने कहा कि सरदार पटेल का मानना था कि राजनीति का वास्तविक उद्देश्य सत्ता का सुख भोगना नहीं, बल्कि जनसेवा और मानवता की सेवा करना है। उनके विचार और आदर्श आज भी राष्ट्र की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए प्रेरित करते हैं। वहीं, झारखंड स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच के केंद्रीय अध्यक्ष बटेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोने का जो ऐतिहासिक कार्य किया, वह आज भी अनुकरणीय है। उनका योगदान राष्ट्र के इतिहास में सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में झारखंड स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच के केंद्रीय अध्यक्ष बटेश्वर प्रसाद मेहता, शंकर राणा, अजीम अंसारी, जन जागरण केंद्र के सचिव संजय कुमार, झारखंड आंदोलनकारी चंद्रनाथ भाई पटेल, चंद्रमोहन पटेल, राकेश सिंह, भाजपा नेता जीवन मेहता, मुनेष ठाकुर, प्रो. प्रमोद सिंह, सांसद के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, रोहित कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

