चौपारण की दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा, पांच लोगों की मौत, 13 घायल
शव लेकर जा रहे सवारी वाहन को पीछे से टैंकर ने मारी जोरदार टक्कर, तीन घायलों की स्थिति गंभीर, सभी घायलों को किया गया रेफर किया गया।
चौपारण-
झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित दनुआ घाटी में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 13 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बगोदर के अटका क्षेत्र से कुछ लोग एक शव को लेकर वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान दनुआ घाटी में उनके सवारी वाहन को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन में कुल 19 लोग सवार थे।
हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत होने की सूचना है, जबकि 13 लोग घायल हुए हैं। घायलों में तीन की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। सभी 13 घायलों को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसबीएमसीएच), हजारीबाग रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्वयं राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था में जुट गए। पुलिस की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य चलाया।
दनुआ घाटी में हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद एक बार फिर इस खतरनाक सड़क मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हादसे में मृतकों की पहचान और दुर्घटना के विस्तृत कारणों की जानकारी की प्रतीक्षा है।

