महज 11 रुपये में छठव्रतियों को मिलेगा 21 पूजन सामग्रियों का उपहार, हजारीबाग यूथ विंग की अनूठी पहल
लगातार चौथे वर्ष 301 छठव्रतियों की सेवा करेगा हजारीबाग यूथ विंग, सदस्यता शुल्क से होगा आयोजन दीपावली पर वृद्धाश्रम सेवा और दिसंबर से कंबल वितरण अभियान की भी तैयारी
सेवा और समर्पण ही संस्था की पहचान है, छठव्रतियों की सेवा करना हमारा सौभाग्य है : चंद्र प्रकाश जैन
महज 11 रुपये में 21 पूजन सामग्रियों का वितरण हमारी सामाजिक प्रतिबद्धता और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है : करण जायसवाल
हजारीबाग
हजारीबाग जिले की सर्वश्रेष्ठ संस्था में से एक हजारीबाग यूथ विंग के द्वारा गुरुवार को देर शाम संस्था की एक बैठक आयोजित की गई बैठक की अध्यक्षता संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन के द्वारा किया गया बैठक में आगामी विभिन्न कार्यक्रमों पर चर्चाएं की गई जिसमें लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना को साकार करते हुए हजारीबाग यूथ विंग लगातार चौथे वर्ष छठव्रतियों की सेवा के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगा। संस्था की इस पहल के तहत 301 छठव्रतियों के बीच महज 11 रुपये के कूपन पर सूप, नारियल सहित 21 प्रकार की पूजन सामग्रियां उपलब्ध कराई जाएंगी। महंगाई के दौर में छठ महापर्व की तैयारियों में छठव्रतियों को सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई यह पहल संस्था की सामाजिक प्रतिबद्धता और जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाती है।
संस्था की ओर से 12 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक खजांची तालाब के समीप सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए 9 नवंबर को बड़ा बाजार चौक से कूपन का वितरण किया जाएगा। कूपन वितरण की जिम्मेदारी संस्था के कोषाध्यक्ष गुंजन मद्धेशिया को सौंपी गई है, जबकि सूप, नारियल एवं अन्य पूजन सामग्रियों की खरीदारी का दायित्व संस्था के मार्गदर्शक जयप्रकाश खंडेलवाल को दिया गया है। इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि हजारीबाग यूथ विंग इस पूरे सेवा कार्यक्रम का संचालन अपने सदस्यों से प्राप्त सदस्यता शुल्क के माध्यम से कर रहा है।
संस्था का प्रयास है कि सामाजिक सहभागिता और सामूहिक सहयोग के बल पर सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाए तथा पर्व-त्योहारों के अवसर पर जरूरतमंद परिवारों को यथासंभव सहयोग मिल सके। संस्था के संरक्षक चंद्रप्रकाश जैन ने कहा कि सामाजिक संस्था की वास्तविक पहचान उसके सेवा कार्यों और समाज के प्रति जिम्मेदारी से होती है। छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और लोककल्याण का प्रतीक है। ऐसे पावन अवसर पर छठव्रतियों की सेवा करना संस्था के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग का प्रयास है कि सदस्यों के सामूहिक सहयोग से सेवा की इस परंपरा को लगातार आगे बढ़ाया जाए और समाज के अधिक से अधिक लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके। वहीं, संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग पिछले कई वर्षों से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
छठव्रतियों के बीच 21 पूजन सामग्रियों का वितरण इसी सेवा भावना का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि मात्र 11 रुपये के कूपन पर इतनी पूजन सामग्रियां उपलब्ध कराने का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग देना और छठ महापर्व की तैयारियों में उनकी मदद करना है। उन्होंने यह भी कहा कि संस्था अपने सदस्यों की सहभागिता और सदस्यता शुल्क के माध्यम से ही इस कार्यक्रम को संपन्न कर रही है, ताकि सेवा कार्यों में पारदर्शिता और सामूहिक जिम्मेदारी बनी रहे।
छठ सेवा कार्यक्रम के साथ संस्था ने दीपावली और सर्दियों को लेकर भी सेवा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को दोपहर 3 बजे वृद्धाश्रम में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं, जरूरतमंदों को ठंड से राहत पहुंचाने के लिए दिसंबर 2026 के पहले रविवार से शीतकालीन राहत अभियान की शुरुआत होगी। इस अभियान के तहत प्रत्येक रविवार को जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरित किए जाएंगे। मौके पर संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन,अध्यक्ष करण जायसवाल,सचिव रितेश खण्डेलवाल,सह सचिव अभिषेक पांडे,कोषाध्यक्ष गुंजन मद्धेशिया, संस्था के मार्गदर्शक जयप्रकाश खंडेलवाल,संजय कुमार,कार्यकारणी सदस्य रोहित बजाज,सत्यनारायण सिंह, मोहम्मद ताजुद्दीन,सनी देव,प्रणीत जैन,रंजन चौधरी,कैलाश कुमार,मनीष सिंह सहित कई लोग मौजूद रहें।
