उप स्वास्थ्य केंद्र को गोविंदपुर से सेलहारा खुर्द ले जाने का ग्रामीणों ने किया विरोध
पंचायत मुख्यालय में ही बने स्वास्थ्य केंद्र, अन्यत्र निर्माण हुआ तो धरना अनशन करेंगे ग्रामीण– भुनेश्वर यादव
राजेश सहाय चौपारण
प्रखंड के गोविंदपुर पंचायत में प्रस्तावित उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण स्थल को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। गुरुवार को गोविंदपुर में ग्रामीणों की बैठक हुई, जिसमें आरोप लगाया गया कि पंचायत मुख्यालय में बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र को एक साजिश के तहत गोविंदपुर से हटाकर अतिरिक्त स्थल सेलहारा खुर्द में बनाए जाने की तैयारी की जा रही है। ग्रामीणों ने इसे गोविंदपुर, चपरी खुर्द और बेलाटांड़ के लोगों के साथ भेदभाव बताया है।ग्रामीणों का कहना है कि उप स्वास्थ्य केंद्र को गोविंदपुर पंचायत मुख्यालय में ही बनाए जाने की मांग को लेकर पूर्व में भी अधिकारियों को आवेदन दिया जा चुका है।
8 सितंबर 2025 को अंचल कार्यालय पहुंचकर अंचलाधिकारी को आवेदन दिया गया था। वहीं 31 जनवरी 2026 को उप विकास आयुक्त को आवेदन देकर गोविंदपुर में ही स्वास्थ्य केंद्र निर्माण की मांग की गई थी।ग्रामीणों के अनुसार, इसके बावजूद जब उन्हें जानकारी मिली कि उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण गोविंदपुर के बजाय सेलहारा खुर्द में कराने का आदेश पारित कर दिया गया है, तो ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। इसके बाद 6 अक्टूबर 2026 को गोविंदपुर, चपरी खुर्द एवं बेलाटांड़ के ग्रामीणों ने पुनः उपायुक्त को आवेदन देकर गोविंदपुर में ही उप स्वास्थ्य केंद्र बनाने की मांग की।ग्रामीणों का कहना है कि गोविंदपुर पंचायत मुख्यालय में उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए निविदा निकाले जाने के बावजूद यदि इसे किसी दूसरे स्थान पर बनाया जाता है, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो प्रखंड मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन और अनशन किया जाएगा।
समाजसेवी भुनेश्वर यादव ने कहा कि गोविंदपुर पंचायत मुख्यालय में स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण होने से पंचायत के गोविंदपुर, चपरी खुर्द, बेलाटांड़ समेत आसपास के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। पंचायत मुख्यालय को छोड़कर किसी अन्य स्थल पर स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाना ग्रामीणों के हित में नहीं है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर पंचायत मुख्यालय में ही उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण सुनिश्चित कराने की मांग की।
मौके पर ग्रामीण सुरेंद्र साव, सुखदेव ठाकुर, अमित कुमार शर्मा, गोपाल चंद्रवंशी, संजय रजक, मिन्हाज अंसारी, अरुण ठाकुर और संदीप सिंह समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मामले में शीघ्र पहल करने की मांग की है।
