भारी बारिश में दो परिवारों का गिरा आशियाना, बेघर हुए मानकी राम और कमल राम,
आवास स्वीकृत के बावजूद राशि नहीं मिलने से विभागीय पर जताई नाराजगी
ईचाक
प्रखंड के बरका खुर्द पंचायत के काला द्वार स्थित कपसा टांड मोहल्ले में भारी बारिश के कारण 26 सितंबर की रात मानकी राम एवं कमल राम का जीर्ण शीर्ष मिट्टी का मकान पूरी तरह ढह गया। जिससे परिजन बाल बाल बच गए। मकान गिरने से दोनों परिवारों के सामने अपने परिजनों के साथ सर छुपाने की समस्या उत्पन्न हो गई है।घटना की सूचना स्थानीय मुखिया सीता कुमारी को दी गई। इसके बाद मुखिया प्रतिनिधि ओमप्रकाश मेहता, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि मनोज राम एवं शिक्षक अशोक राम ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया।
मुखिया प्रतिनिधि ओमप्रकाश मेहता ने बताया कि मानकी राम का अबुआ आवास पिछले वर्ष ही स्वीकृत हुआ था, लेकिन राज्य सरकार द्वारा राशि उपलब्ध नहीं कराये जाने के कारण अब तक मकान का निर्माण नहीं हो सका यह बहुत ही दुर्भाग्य है। प्रतिनिधियों ने सिस्टम के प्रति चिंता जताते हुए कहा कि मानकी राम और कमल राम की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय है। मकान गिरने के बाद दोनों परिवारों के सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने राज्य सरकार के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन से प्रभावित परिवारों की स्थिति का संज्ञान लेते हुए रहने के लिए दोनों को अविलम्ब आवास मुहैया कराने का मांग किया है।
