राहुल गांधी के सवालों से भाजपा बेचैन, एसआईआर पर जवाबदेही तय होनी चाहिए : आलोक दूबे
रांची
प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी को पप्पू कहकर मजाक उड़ाने वाले अब उनके द्वारा उठाए गए वोटर लिस्ट और एसआईआर से जुड़े सवालों का जवाब देने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के भीतर एसआईआर से संबंधित आपत्तियों ने इन मुद्दों को गंभीर बहस के केंद्र में ला दिया है। आलोक दूबे ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची में पारदर्शिता को लेकर उठ रहे सवालों का तथ्यात्मक जवाब देश की जनता को मिलना चाहिए।
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार समेत संबंधित जिम्मेदार लोगों से जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से कथित वोट चोरी, एसआईआर और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं, जबकि चुनाव आयोग ने पूर्व में इन आरोपों को निराधार बताया था। दूबे ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से हर योग्य नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
