पदमा ओपी क्षेत्र में 732 पीस नकली विदेशी शराब बरामद, दो गिरफ्तार
हजारीबाग
हजारीबाग जिले के पदमा ओपी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक इनोवा वाहन से 732 पीस नकली विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब को बिहार ले जाकर बेचने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली थी कि इनोवा वाहन संख्या जेएच10जे-7960 से अवैध विदेशी शराब बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं बरही अंचल पुलिस निरीक्षक के निर्देश पर पदमा ओपी प्रभारी पुअनि श्रवण कुमार के नेतृत्व में पदमा ओपी गेट के पास वाहन जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने ग्रे रंग की इनोवा को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक, वाहन चालक ने गाड़ी लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन सशस्त्र बल के सहयोग से वाहन को रोककर उसमें सवार दो व्यक्तियों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एस. बेंकटरमन मूर्ति, उम्र करीब 46 वर्ष, पिता एस. गोविंद राव, निवासी बैंक कॉलोनी करणडीह, थाना परसुडीह, जिला पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर तथा गुड्डू आलम, उम्र करीब 24 वर्ष, पिता मो. मोहरम मियां, निवासी मजूराहा, थाना बरियारपुर, जिला मोतिहारी बिहार के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, वाहन में रखे कार्टून के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि वे धनबाद के बरवाअड्डा निवासी मुकेश कुमार से 33 पेटी नकली अवैध शराब लेकर बिहार में बेचने जा रहे थे। जांच के दौरान सभी पेटियों में क्लासिक ओल्ड हैबिट व्हिस्की की बोतलें मिलीं। पुलिस ने बताया कि बरामद शराब में 375 एमएल की 28 पेटी में कुल 672 पीस तथा 750 एमएल की 5 पेटी में कुल 60 पीस शामिल हैं। इस प्रकार कुल 732 पीस नकली विदेशी शराब बरामद की गई।
इसके अलावा एक ग्रे रंग की इनोवा गाड़ी संख्या जेएच10जे 7960 भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में नकली शराब बनाने वाले संचालक के खिलाफ पूर्व में भी मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में पदमा थाना कांड संख्या 338/2026, दिनांक 27 सितंबर 2026 को धारा 274/275/292/349/3(5) भारतीय न्याय संहिता एवं 47(ए) उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। कार्रवाई में पदमा ओपी प्रभारी पुअनि श्रवण कुमार, पुअनि राजेश कुमार हाजरा, सअनि जीवन किशोर लकड़ा तथा पदमा ओपी के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल रहे।
