Ad image

दुर्गा पूजा को लेकर बरही थाना में शांति समिति की बैठक

jharkhandnews024@gmail.com
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now

दुर्गा पूजा को लेकर बरही थाना में शांति समिति की बैठक

बरही में चार जगहों पर होगा रावण दहन, नौ लाइसेंसी और तीन गैर-लाइसेंसी पूजा समितियों के साथ बनी सुरक्षा व्यवस्था की रणनीति, 21 अक्टूबर को होगा प्रतिमा विसर्जन

बरही

आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर बरही थाना परिसर में पूजा समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने की, जबकि संचालन भाजपा नेता भगवान केशरी ने किया। बैठक में पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर एवं पुनि सह थाना प्रभारी बिनोद कुमार ने पूजा समिति के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बताया गया कि बरही क्षेत्र में कुल नौ लाइसेंसी एवं तीन गैर-लाइसेंसी दुर्गा पूजा समितियां हैं।

वहीं बरही, विजैया, चतरो एवं करियातपुर में रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। पूजा समिति जे पदाधिकारियों ने बताया कि सभी पूजा स्थलों पर 21 अक्टूबर को प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर्स की तैनाती, भीड़ को नियंत्रित करने तथा पुरुष एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार की व्यवस्था करने पर विशेष जोर दिया गया।

पूजा समितियों को पंडाल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया। एसडीपीओ राधाप्रेम किशोर ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पूजा समितियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। समितियों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।

बैठक में बरही प्रमुख मनोज रजक, उपप्रमुख देवलाल कुशवाहा, भाजपा नेता भगवान केशरी, सद्भावना विकास मंच के राजसिंह चौहान, परमेश्वर यादव, मुखिया संघ अध्यक्ष विजय यादव, मुखिया मनोज कुमार, छोटन ठाकुर, मो ताजुद्दीन, टिंकू आलम, गया रोड पूजा समिति अध्यक्ष उदय केशरी, उपाध्यक्ष शिवा निषाद, बलराम केशरी, बिनोद केशरी, आकाश जायसवाल, किशोरी सिंह, राम लखन राम गुप्ता, भुनेश्वर साव, दिनेश साव, जीतू ठाकुर, दसरथ यादव, नवलकिशोर सिंह, मो. रिजवान, राजेश केशरी उर्फ मेवालाल, संतोष प्रजापति सहित विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी एवं बरही थाना के गणेश यादव मौजूद थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *