नमन दीप पब्लिक स्कूल में अर्धवार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित
चौपारण
नमन दीप पब्लिक स्कूल, दनुआ में सोमवार को अर्धवार्षिक परीक्षा-2026 का परिणाम घोषित किया गया। परिणाम प्रकाशन को लेकर विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। अपने बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों और परीक्षा परिणाम की जानकारी लेने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय पहुंचे। विद्यालय में नर्सरी से लेकर कक्षा अष्टम तक के छात्र-छात्राओं ने अर्धवार्षिक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार कई विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की। छात्राओं ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया।
अर्धवार्षिक परीक्षा में विभिन्न कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में नर्सरी से दीपिका कुमारी, एलकेजी से जानवी कुमारी, यूकेजी से सत्यम कुमार, कक्षा प्रथम से अनीश कुमार, कक्षा द्वितीय से सादिक आलम, कक्षा तृतीय से नीतीश कुमार, कक्षा चतुर्थ से हफ्सा गणी, कक्षा पंचम से पप्पू कुमार, कक्षा षष्ठम से सनी कुमार, कक्षा सप्तम से विद्यांशी कुमारी तथा कक्षा अष्टम से नीतीश कुमार शामिल हैं। कक्षा द्वितीय के छात्र सादिक आलम, पिता मोहम्मद साबिर आलम ने अर्धवार्षिक परीक्षा में पूरे विद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सतीश प्रसाद केसरी ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि परीक्षा परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी कमियों को पहचानकर आगे और बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में नियमित सहयोग एवं प्रोत्साहन देने की अपील की। परिणाम घोषित होने के दौरान विद्यालय पहुंचे सैकड़ों अभिभावकों में काफी उत्साह देखा गया। अभिभावकों ने अपने बच्चों की उपलब्धियों पर खुशी जताई और विद्यालय के शिक्षकों द्वारा दिए जा रहे मार्गदर्शन एवं शैक्षणिक सहयोग की सराहना की। अभिभावकों ने कहा कि बच्चों के बेहतर प्रदर्शन से उनका उत्साह बढ़ा है और वे आगे भी उनकी पढ़ाई में पूरा सहयोग करेंगे। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं में अमित कुमार केसरी, महेश ठाकुर, रंजन रजक, निशा कुमारी, मोनिका कुमारी, उमेश कुमार, अंजली कुमारी सहित प्रधानाचार्य सतीश प्रसाद केसरी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
