Ad image

त्योहारों से पहले हजारीबाग की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करे नगर निगम : मुन्ना सिंह

jharkhandnews024@gmail.com
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now

त्योहारों से पहले हजारीबाग की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करे नगर निगम : मुन्ना सिंह

हजारीबाग

शहर में आगामी दुर्गापूजा, दीपावली एवं छठ पूजा जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों को देखते हुए हजारीबाग की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह ने चिंता जताई है। उन्होंने शहर के विभिन्न इलाकों और प्रमुख सड़कों पर जगह-जगह जमा कचरे एवं गंदगी की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित तस्वीरें भी सामने रखीं।
मुन्ना सिंह ने कहा कि हजारीबाग शहर में कई प्रमुख स्थानों पर कचरे का अंबार लगा हुआ है। लक्ष्मी टॉकीज के समीप बाबा साहेब की प्रतिमा के आसपास, बस स्टैंड के समीप, कानी बाजार, मटवारी, रामनगर सहित शहर के कई अन्य इलाकों में कचरा जमा होने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रमुख स्थानों पर इस तरह कचरे का जमा रहना शहर की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि त्योहारों का समय नजदीक है और इन अवसरों पर बड़ी संख्या में लोग बाजारों, पूजा स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचते हैं। ऐसे में सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरे का अंबार लगा रहना न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित करता है, बल्कि आम नागरिकों और बाहर से आने वाले लोगों के लिए भी परेशानी का कारण बन सकता है। इसी मांग को लेकर मुन्ना सिंह ने हजारीबाग मेयर अरविंद राणा एवं नगर आयुक्त ओम कुमार गुप्ता जी को ज्ञापन सौंपकर शहर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने अधिकारियों से मांग की कि शहर के जिन-जिन स्थानों पर लंबे समय से कचरा जमा है, वहां तत्काल सफाई कराकर कचरे का उठाव सुनिश्चित किया जाए तथा नियमित सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए।

मुन्ना सिंह ने कहा कि हजारीबाग शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। केवल त्योहारों के समय ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष शहर की सफाई व्यवस्था व्यवस्थित और नियमित रहनी चाहिए। प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाना जरूरी है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर निगम प्रशासन इस मांग को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करेगा और हजारीबाग की कचरा समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाएगा, ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण मिल सके और त्योहारों के दौरान किसी को असुविधा का सामना न करना पड़े।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *