चुनाव आयोग के खिलाफ इंडिया गठबंधन की बैठक, 8 अक्टूबर के धरना-प्रदर्शन की तैयारी पर चर्चा
वोट बचाओ, देश बचाओ, संविधान बचाओ कार्यक्रम में हजारीबाग पहुंचने का आह्वान, एसआईआर को लेकर नेताओं ने जताया विरोध
बरही
बरही पूर्वी पंचायत भवन में इंडिया गठबंधन के नेताओं एवं पदाधिकारियों की बैठक कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल मनान वारसी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आगामी 8 अक्टूबर 2026 को हजारीबाग उपायुक्त कार्यालय के समक्ष वोट बचाओ, देश बचाओ, संविधान बचाओ कार्यक्रम के तहत आयोजित धरना-प्रदर्शन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।बैठक में मुख्य अतिथि कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री जय प्रकाश भाई पटेल, बरही प्रखंड प्रमुख मनोज रजक, हजारीबाग जिला कांग्रेस प्रभारी राजीव रंजन प्रसाद, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष भीम कुमार, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष डॉ. निजामुद्दीन अंसारी एवं जिला उपाध्यक्ष अनिल राय उपस्थित रहे।
इसके अलावा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी राज्य कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण कुमार, झामुमो बरही विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विनोद विश्वकर्मा, भाकपा प्रखंड सचिव विक्रम पासवान, भाकपा माले जिला सदस्य अनवर हुसैन, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष देवानंद कुमार, झामुमो नेता अख्तर अंसारी, जगदीश सिंह, जिया उल हक, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष बबलू साहू, विष्णुधारी महतो, कांग्रेस प्रखंड उपाध्यक्ष मो तौकीर राजा, युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद सरफराज अहमद, पंचायत अध्यक्ष रिजवान अली, महेश प्रसाद, मनोज रविदास, विनोद रविदास, सिकंदर कुमार दास, प्रभु भुइयां सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस, झामुमो एवं वामदलों के कार्यकर्ता मौजूद थे।
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष जय प्रकाश भाई पटेल ने कहा कि 8 अक्टूबर को हजारीबाग उपायुक्त कार्यालय के समक्ष आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ, संविधान बचाओ’ कार्यक्रम में इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। भाकपा राज्य कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण कुमार ने कहा कि आज देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान के अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से लोगों को उनके मताधिकार से वंचित करने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों से 8 अक्टूबर को हजारीबाग उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर आंदोलन में भाग लेने की अपील की। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष डॉ. निजामुद्दीन अंसारी ने एसआईआर को लेकर केंद्र सरकार एवं चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि इसके बहाने मतदाताओं के नाम काटे जाने की आशंका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर सड़क से संसद तक आवाज उठाएगी।झामुमो के पूर्व प्रत्याशी विनोद विश्वकर्मा ने कहा कि एसआईआर के नाम पर अल्पसंख्यक, दलित, आदिवासी एवं पिछड़े वर्ग के मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन 8 अक्टूबर को हजारीबाग में इसका विरोध करेगा और झामुमो कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। भाकपा माले के अनवर हुसैन ने कहा कि उनकी पार्टी शुरू से ही एसआईआर का विरोध करती रही है। उन्होंने कहा कि बरही से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हजारीबाग पहुंचकर आंदोलन में भाग लेंगे। जिला कांग्रेस प्रभारी राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस एसआईआर की अवधारणा का विरोध नहीं करती, लेकिन जिस तरीके से इसे लागू किया जा रहा है, उस पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में भी बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटे जाने की तैयारी है। उन्होंने इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं से आंदोलन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।बैठक के अंत में कांग्रेस मंडल अध्यक्ष विष्णुधारी महतो ने धन्यवाद ज्ञापन किया। बैठक में कार्यकर्ताओं ने 8 अक्टूबर के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया।
