टीबी मुक्त अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए धनवार मुखिया राजेन्द्र प्रसाद सम्मानित
जोश टीम के उद्घाटन समारोह में प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर किया गया सम्मानित, धनवार पंचायत को मिला सिल्वर श्रेणी का स्थान
बरही
टीबी मुक्त अभियान को लेकर जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरही प्रखंड की धनवार पंचायत के मुखिया राजेन्द्र प्रसाद को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जोश (जॉइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ) टीम का उद्घाटन किया गया। इस दौरान टीबी मुक्त अभियान में पंचायत स्तर पर बेहतर कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। धनवार पंचायत के मुखिया राजेन्द्र प्रसाद को सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, मेयर अरविंद राणा, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. आरके जायसवाल समेत अन्य अतिथियों ने प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मान मिलने पर पंचायत के लोगों में भी खुशी का माहौल है। बताते चलें कि टीबी मुक्त अभियान के तहत किए गए कार्यों के आधार पर धनवार पंचायत को पूरे प्रखण्ड में सिल्वर श्रेणी में रखा गया है। पंचायत में टीबी मरीजों की पहचान, जागरूकता एवं उपचार को लेकर किए गए प्रयासों को देखते हुए पंचायत को यह उपलब्धि मिली है। मुखिया राजेन्द्र प्रसाद ने कहा कि टीबी मुक्त पंचायत बनाना केवल सरकार या स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है। पंचायत की ओर से टीबी के प्रति लोगों को जागरूक करने, संभावित मरीजों की पहचान कराने और उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि धनवार पंचायत को भविष्य में टीबी मुक्त पंचायत की बेहतर श्रेणी में लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं ग्रामीणों के सहयोग से अभियान को और गति दी जाएगी।उन्होंने सम्मान के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान पूरी धनवार पंचायत के लोगों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। पंचायत को मिली इस उपलब्धि से आगे भी टीबी उन्मूलन अभियान को मजबूती मिलेगी।
