बरही में नशे व अवैध गतिविधियों के खिलाफ देर रात चला जांच अभियान
होटल संचालकों को सख्त निर्देश, शराब सेवन और अवैध गतिविधि मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी
बरही
नशे के सेवन और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने को लेकर बरही अनुमंडल पुलिस प्रशासन ने मंगलवार की देर रात विभिन्न होटलों में जांच अभियान चलाया। अभियान में बरही एसडीपीओ राधाप्रेम किशोर, एसडीओ जोहन टुड्डू एवं पुनि सह थाना प्रभारी बिनोद कुमार शामिल रहे। अधिकारियों ने विभिन्न होटल संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए होटल परिसर में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि नहीं होने देने की सख्त हिदायत दी।
जांच के दौरान अधिकारियों ने होटल संचालकों को स्पष्ट किया कि होटल में बैठाकर शराब का सेवन कराने अथवा किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने कहा कि नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सर्च एवं छापामारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
एसडीपीओ राधाप्रेम किशोर ने कहा कि बरही अनुमंडल में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार जांच एवं कार्रवाई की जा रही है। होटल संचालकों को निर्देश दिया गया है कि उनके प्रतिष्ठान में किसी भी तरह का गलत कार्य नहीं हो। उन्होंने कहा कि होटल में बैठाकर शराब का सेवन कराने की शिकायत या पुष्टि होने पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एसडीओ जोहन टुड्डू ने कहा कि दशहरा को लेकर बरही के विभिन्न होटलों में जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी होटल में अवैध गतिविधि पाई जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
