नारायणपुर में आयोजित एसआइआर शिविर का निरीक्षण डीसी ने किया निरीक्षण
नारायणपुर (जामताड़ा):
नारायणपुर पंचायत मंडप में बुधवार को आयोजित एसआइआर विशेष शिविर का उपायुक्त आलोक कुमार दुबे ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीसी ने शिविर में पहुंचे मतदाताओं से सीधे संवाद किया और एसआइआर प्रक्रिया को लेकर उनकी जानकारी व समस्याएं जानीं। उन्होंने शिविर में चल रहे कार्यों की भी बारीकी से पड़ताल की जिसमें फार्म छह मतदाताओं का नाम जोड़ने आदि शामिल था। डीसी ने कहा कि एसआइआर की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ हो रही है।
प्रशासन का स्पष्ट प्रयास है कि किसी भी योग्य और पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं कटे और एक भी अयोग्य व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं हो। उन्होंने कहा कि जो लोग भारत के नागरिक हैं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के पात्र हैं, वे बीएलओ के माध्यम से फॉर्म छह जमा कर सकते हैं। फॉर्म के डिजिटलीकरण और ऑनलाइन कार्य की प्रक्रिया भी जारी है।
डीसी ने कहा कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची में छूटना नहीं चाहिए। इस दिशा में सभी पदाधिकारी और कर्मी लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने शिविर में मौजूद कर्मियों को निर्देश दिया कि एसआईआर की प्रक्रिया में पूरी सावधानी, पारदर्शिता और निष्पक्षता बरती जाए, ताकि पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।इस अवसर पर डीएसओ कयूम अंसारी, बीडीओ कमलेश कुमार दास, सीओ देवराज गुप्ता, मुखिया मुन्नी मरांडी, पंचायत सचिव पूजा माझी, पंपा माझी, बीएलओ सुनीता देवी, रेणु देवी, रासमुनी हेंब्रम, वीएलई सीमा कुमारी, शिक्षक गौतम ओझा, सुनील सिंहा आदि उपस्थित थे।
