माउंट ओलिवेट स्कूल के प्रतिभाशाली शिक्षक विकास कुमार राणा का निधन, शिक्षा जगत में शोक की लहर
गणित और कला के कुशल शिक्षक थे विकास कुमार राणा, सुंदर लिखावट और सरल व्यक्तित्व के लिए हमेशा याद किए जाएंगे
बरही
माउंट ओलिवेट स्कूल विजैया के प्रतिभाशाली शिक्षक विकास कुमार राणा के निधन से विद्यालय परिवार, शिक्षा जगत और उनसे जुड़े लोगों के बीच शोक की लहर है। 24 अक्टूबर की रात लगभग 9 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। बताया गया कि पिछले कुछ महीनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। उनके निधन से विद्यालय परिवार ने एक कुशल शिक्षक, रचनात्मक कलाकार और सरल व्यक्तित्व के धनी सहकर्मी को खो दिया है।
विकास कुमार राणा गणित और आर्ट के कुशल शिक्षक थे। विद्यार्थियों को गणित जैसे विषय को सरल तरीके से समझाने की उनकी क्षमता और कला के प्रति उनकी विशेष रुचि उन्हें अन्य शिक्षकों से अलग पहचान दिलाती थी। वे अपने विषय के प्रति समर्पित रहने के साथ-साथ विद्यार्थियों के बीच भी अपनी प्रतिभा और कार्यशैली के लिए जाने जाते थे। विकास कुमार राणा की सबसे बड़ी विशेषताओं में उनकी अद्भुत और आकर्षक लिखावट शामिल थी। उनके हाथों से लिखे अक्षर इतने साफ, सुंदर और व्यवस्थित होते थे कि उन्हें देखकर कंप्यूटर से टाइप किए गए अक्षरों का एहसास होता था। उनकी लिखावट उनकी मेहनत, एकाग्रता और कला के प्रति समर्पण का प्रमाण थी। उनकी यह अनूठी प्रतिभा लंबे समय तक विद्यार्थियों और सहकर्मियों की स्मृतियों में जीवित रहेगी।
उनके निधन से माउंट ओलिवेट स्कूल के शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को गहरा आघात पहुंचा है। सहकर्मियों के अनुसार, विद्यालय में उनके साथ बिताए गए पल, उनका सरल व्यवहार, काम के प्रति समर्पण और उनकी विशिष्ट प्रतिभा हमेशा याद की जाएगी। उनका असमय बिछड़ना विद्यालय परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। विद्यालय परिवार ने दिवंगत शिक्षक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
विद्यालय परिवार की ओर से प्राचार्य कैप्टन बीरेंद्र कुमार यादव, प्रधानाध्यापक विजय कुमार यादव, स्कूल इंचार्ज रेखा यादव, शैक्षणिक प्रभारी सुनील कुमार स्वर्णकार एवं राजदेव यादव तथा कार्यालय प्रभारी रंजीत कुमार और मुकेश कुमार यादव ने शोक व्यक्त किया। शोक व्यक्त करने वालों में शिक्षक सोहन कुमार चंद्रा, इंद्रदेव शर्मा, दिलीप कुमार, अंजू कुमारी, अरुण कुमार, संतोष स्वर्णकार, भगवान प्रसाद, सत्येंद्र शर्मा, संदीप कुमार, संगीता कुमारी, सूर्यदेव शर्मा, मनुवर अंसारी, सेंटु कुमार, रोहित राणा, नरेश कुमार, मुकेश रवि, मनीष कुमार, डब्लू कुमार, नीतीश कुमार, नरेश कुशवाहा, रानी कुमारी, यशोदा कुमारी, पुष्पा कुमारी, शिवानी कुमारी, अमीषा, कविता कुमारी, बबीता कुमारी, अंशु कुमारी सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षिकाएं शामिल हैं।

