कोरीडीह वन में जेएसएलपीएस के तत्वाधान में कार्यक्रम आयोजित
नारायणपुर (जामताड़ा) :
जेएसएलपीएस आजीविका महिला संकुल स्तरीय प्राथमिक स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड के तत्वावधान में संकुल कार्यालय कोरीडीह वन में सोमवार को वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीडीओ कमलेश कुमार दास, जेएसएलपीएस डीपीएम राहुल रंजन, बीपीएम सूर्यदेव कुमार,वनांचल ग्रामीण बैंक प्रबंधक कंचन मंडल,एसबीआई बैंक प्रबंधक दिवाकर वर्णवाल सहित संकुल अध्यक्ष एवं सचिव मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ बीडीओ कमलेश कुमार दास व अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सखी मंडल की दीदियों एवं जेएसएलपीएस कर्मियों ने पारंपरिक तरीके से आम के पत्तों से बनी पगड़ी पहनाकर अतिथियों का स्वागत किया।
बीडीओ कमलेश कुमार दास ने कहा कि महिला समूहों से जुड़कर महिलाओं में आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता बढ़ी है। महिलाएं ऋण लेकर विभिन्न गतिविधियों से जुड़ रही हैं।उन्होंने ऋण लेने वाली महिलाओं से समय पर किस्त चुकाने की अपील की, ताकि अन्य जरूरतमंद महिलाओं को भी ऋण का लाभ मिल सके। डीपीएम राहुल रंजन ने समूह संचालन में पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के पालन पर जोर दिया।उन्होंने अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष के पदों में समय-समय पर अन्य सदस्यों को नेतृत्व का अवसर देने की बात कही।बैंक अधिकारियों ने ऋण एवं बैंकिंग प्रक्रिया की जानकारी दी।इस दौरान बेहतर कार्य करने वाले एसएचजी एवं वीओ को अतिथियों ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।मौके पर सलमा खातून, संगीता देवी, कौशल्या देवी, संध्या कुमारी, पिंकी पंडित समेत बड़ी संख्या में सखी मंडल की महिलाएं एवं जेएसएलपीएस कर्मी उपस्थित थे।
