बैंक सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, शाखा प्रबंधकों के साथ हुई अहम बैठक
कटकमसांडी, कटकदाग, इचाक और पेलावल क्षेत्र के बैंकों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
हजारीबाग |
जिले में बैंक और ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ने कटकमसांडी, कटकदाग, इचाक और पेलावल क्षेत्र में स्थित विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों एवं अन्य बैंक अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में बैंक की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने बैंक परिसर की सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, प्रवेश और निकास व्यवस्था तथा बैंक के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को लेकर आवश्यक जानकारी ली।
अधिकारियों ने बैंक प्रबंधन से कहा कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। साथ ही बैंक के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधन को सुरक्षा से जुड़े जरूरी उपायों का पालन करने की सलाह दी। बैठक का उद्देश्य बैंक, बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों की सुरक्षा को बेहतर बनाना तथा किसी भी संभावित घटना से पहले जरूरी सावधानी बरतना रहा।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि बैंक सुरक्षा को लेकर लापरवाही नहीं बरती जाएगी और जरूरत के अनुसार संबंधित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा आगे भी जारी रहेगी।
