दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने बरही के विभिन्न पूजा पंडालों और रावण दहन स्थल का किया औचक निरीक्षण
बरही
दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर उपायुक्त हेमन्त सती एवं पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने शनिवार को बरही के विभिन्न पूजा पंडालों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति गया रोड, रसोइया धमना सहित प्रखण्ड परिसर स्थित मैदान में रावण दहन स्थल का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरे, यातायात व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, उद्घोषणा प्रणाली, गैलरी, भीड़ नियंत्रण, मूर्ति विसर्जन मार्ग, बैरिकेडिंग, झांकी, स्वयंसेवकों की तैनाती एवं साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों को पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न पूजा पंडालों की तैयारियों का जायजा लिया तथा पूजा समितियों से पंडालों की थीम एवं सजावट के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।प्रखण्ड परिसर स्थित रावण दहन स्थल के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पूजा समिति के अध्यक्ष एवं सचिव को परिसर की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण तथा संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक इंतजाम करने का निर्देश दिया।
उन्होंने आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था का बेहतर प्रबंधन करने पर भी जोर दिया। मौके पर उपायुक्त हेमन्त सती ने कहा कि सभी पूजा समितियां दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाएं। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त हेमन्त सती के अलावे पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, उपविकास आयुक्त रिया सिंह, बरही एसडीओ जोहन टुड्डू, एसडीपीओ राधाप्रेम किशोर, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, जिप प्रतिनिधि गुरुदेव गुप्ता, सद्भावना विकास मंच अध्यक्ष राजसिंह चौहान, बीडीओ जयपाल महतो, सीओ चंद्रशेखर कुणाल, इंस्पेक्टर बिनोद कुमार, सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति अध्यक्ष उदय केशरी, उपाध्यक्ष शिवा निषाद, अभिषेक निषाद, सुरेंद्र निषाद, महासचिव मुकेश मद्धेशिया, शैलेंद्र गुप्ता, सचिव बलराम केसरी, कोषाध्यक्ष बिनोद केसरी, सह सचिव किशोरी केसरी, जितेंद्र माली, महेंद्र निषाद, सुजीत कुमार, रसोइया धमना अध्यक्ष रामलखन राम गुप्ता, प्रो बद्री साव, बिरेन्द्र कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे।

