वार्ड 34 में दो पीसीसी सड़कों का होगा निर्माण, सांसद मनीष जायसवाल ने किया शिलान्यास
नगर विकास एवं आवास विभाग के नागरिक सुविधा मद से होगा निर्माण, स्थानीय लोगों को मिलेगी राहत
हजारीबाग
हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 34 में सड़क सुविधा को बेहतर बनाने की दिशा में दो पीसीसी पथों के निर्माण कार्य का शिलान्यास रविवार को हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने किया। नगर विकास एवं आवास विभाग के नागरिक सुविधा मद से इन सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।
इसके तहत रेखा रानी के घर से खेलावन की दुकान तक तथा बासुदेव साव के घर से बाबा पथ तक पीसीसी पथ का निर्माण किया जाएगा। इन सड़कों के बनने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की बुनियादी नागरिक सुविधाएं मजबूत होंगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में हजारीबाग के महापौर अरविंद राणा, उपमहापौर अविनाश कुमार यादव, वार्ड 34 के पार्षद कैलाश कुमार, टिंकू यादव, विनोद यादव, रामबिलास पासवान, राजेंद्र साव, संतोष साव, बिरजू साव सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
