छाताबाद गांव पहुंचे बीडीओ, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
एसआइआर को लेकर लोगों को किया जागरूक, मेगा कैंप में पहुंचकर समस्याओं का समाधान कराने की अपील
नारायणपुर (जामताड़ा) :
शुक्रवार को नारायणपुर के बीडीओ कमलेश कुमार दास प्रखंड के पहाड़िया जनजाति बहुल गांव छाताबाद पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने एसआइआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) से संबंधित आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया।
बीडीओ ने ग्रामीणों को बताया कि शनिवार को मतदान केंद्रों पर एसआइआर से संबंधित मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी प्राप्त करें तथा मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं का समाधान कराएं।
उन्होंने कहा कि एसआइआर के तहत सभी योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। इस कार्य में किसी प्रकार की परेशानी होने पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों को जागरूक होकर इस प्रक्रिया में भाग लेने तथा मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने की अपील की।
