गांधी जयंती पर रन फॉर डीएवी से गूंजा हजारीबाग
स्वच्छता, स्वास्थ्य और राष्ट्रभक्ति का दिया संदेश
हजारीबाग
गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर डीएवी जूनियर पब्लिक स्कूल, हजारीबाग द्वारा ‘रन फॉर डीएवी’ कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जूनियर विंग परिसर में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद ‘स्वच्छ भारत अभियान’ के तहत विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात शिक्षक एवं विद्यार्थी झील परिसर पहुँचे, जहाँ ‘रन फॉर डीएवी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रम आयुक्त रवि कुमार उपस्थित रहे।
डीएवी जूनियर विंग के प्राचार्य श्री विवेकानंद चौधरी,डीएवी सीनियर विंग के प्राचार्य डॉ रजनीश कुमार के तत्वाधान में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें दिनेश खंडेलवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। जूनियर विंग के विद्यार्थियों के लिए बालक एवं बालिका वर्ग में दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने पूरे जोश एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया।मुख्य अतिथि ने विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया ।
विजयी प्रतिभागियों में बालक वर्ग में युवराज प्रथम ,निखिल द्वितीय एवं सक्षम तृतीय स्थान पर रहे एवं बालिका वर्ग में सुप्रिया प्रथम ,सुमन द्वितीय एवं शिवानी तृतीय स्थान पर रहे। इसके अतिरिक्त आदित्य , प्रिंस, अंश, सुमन, हर्षिल, ज्योति, आर्या, रोशनी एवं दीक्षा को सांत्वना पुरस्कार दिया गया । इनमें सबसे कम आयु के विद्यार्थी हर्षिल श्रीवास्तव रहे जिन्होंने संतोषजनक प्रदर्शन किया। विद्यालय के प्राचार्य श्री विवेकानंद चौधरी ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन, स्वच्छता एवं राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में गांधीजी के स्वच्छता एवं अनुशासन के विचारों को आत्मसात करने का संदेश दिया। शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के खेल प्रशिक्षकों प्रुष्टि, सुशील, इच्छा सहित सभी शिक्षक -शिक्षिकाओं एवं गैर शिक्षकेतर कर्मचारियों की विशेष भूमिका रही।
