केदारनाथ-बदरीनाथ पहुंचे सांसद मनीष जायसवाल, श्रद्धालु सुविधाओं की समीक्षा
पत्नी निशा जायसवाल संग केदारनाथ और बदरीविशाल का किया दिव्य दर्शन, क्षेत्र की सुख शांति और खुशहाली की कामना की
हज़ारीबाग
लोकसभा की प्राक्कलन समिति के अध्ययन दौरे के क्रम में हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने 25 और 26 सितंबर को उत्तराखंड के केदारनाथ एवं बदरीनाथ धाम का दौरा किया। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी निशा जायसवाल भी साथ रहीं। सांसद मनीष जायसवाल ने सपत्नीक दोनों धामों में दर्शन-पूजन कर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। दौरे के दौरान सांसद मनीष जायसवाल ने केदारनाथ और बदरीनाथ श्राइन बोर्ड की समीक्षा बैठकों में हिस्सा लिया।
उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके बाद सांसद मनीष जायसवाल ने सपत्नी दोनों धामों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। बाबा केदारनाथ और भगवान बदरीविशाल के दर्शन को उन्होंने आध्यात्मिक अनुभूति बताते हुए हजारीबाग के लोगों की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि देवभूमि के इन पावन धामों में दर्शन और पूजा-अर्चना का अवसर उनके लिए श्रद्धा और आध्यात्मिक भाव से परिपूर्ण रहा।

