खैराशाहपुर गांव में शीशम की लकड़ी लदा पिकअप वैन जब्त, दो अज्ञात के खिलाफ वन अपराध का मामला दर्ज
बरही वन प्रक्षेत्र की टीम ने गुप्त सूचना पर की कार्रवाई, बिना वैध कागजात के ले जाई जा रही थीं शीशम की 10 लकड़ियां
बरही
बरही वन प्रक्षेत्र की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए खैराशाहपुर गांव से शीशम की लकड़ियों से लदे एक पिकअप वैन को जब्त किया है। वाहन पर शीशम की कुल 10 लकड़ियां लदी हुई थीं। जांच के दौरान लकड़ियों के परिवहन से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं मिले। वन विभाग ने मामले में दो अज्ञात व्यक्तियों को वन अपराधी के रूप में नामजद करते हुए वन अपराध की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग को सूचना मिली थी कि खैराशाहपुर गांव के रास्ते शीशम की लकड़ियों का परिवहन किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही बरही वन प्रक्षेत्र की टीम सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर लकड़ियों से लदे पिकअप वैन को जब्त कर लिया। वाहन पर लदी लकड़ियों के संबंध में आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इस कार्रवाई का नेतृत्व फॉरेस्टर अमर आनंद सरस्वती ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर किया। उनके साथ एचएफजी संजीत कुमार, अजीत गंझू और आशीष कुमार सक्रिय रूप से अभियान में शामिल रहे। वहीं, टीम में होमगार्ड अर्जुन यादव तथा क्यूआरटी के राकेश कुमार, बिनोद कुमार और आशुतोष कुमार भी मौजूद थे। वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद लकड़ियों के अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों की पहचान करने और मामले की जांच की प्रक्रिया जारी है। विभागीय नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
