गांडेय विधानसभा के झामुमो विधायक सरफराज अहमद ने दिया इस्तीफा
झारखंड न्यूज24 : गिरिडीह/रांची
गांडेय विधानसभा क्षेत्र से झामुमो विधायक सरफराज अहमद ने झारखंड विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने के पीछे निजी कारणों का हवाला दिया गया है।
जारी अधिसूचना के आधार पर स्पीकर रवींद्र नाथ महतो ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी लेटर से इस बात की पुष्टी हो रही है। उनके इस्तीफे को स्वीकार करते हुए झारखंड विधानसभा ने अधिसूचना भी जारी कर दी है। उनके इस्तीफे के बाद झारखंड विधानसभा में 31 दिसंबर 2023 से पद रिक्त हो गया है।
झारखण्ड विधान सभा सचिवालय ने अधिसूचना जारी कर बताया कि पंचम झारखण्ड विधान सभा के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 31- गाण्डेय से निर्वाचित सदस्य डॉ० सरफराज अहमद द्वारा विधान सभा के अपने स्थान से दिये गये त्याग-पत्र को माननीय अध्यक्ष, झारखण्ड विधान सभा द्वारा भारत के संविधान के अनुच्छेद 190 के उप धारा 3 (ख) एवं झारखण्ड विधान सभा की प्रक्रिया तथा कार्य संचालन के नियम 316 के आलोक में स्वीकृत किये जाने के फलस्वरूप झारखण्ड विधान सभा में उक्त स्थान दिनांक 31.12.2023 के प्रभाव से रिक्त हो गया है।