सेवा और समर्पण की मिसाल बनी बड़ा बाजार दुर्गा पूजा महासमिति की दरिद्र नारायण सेवा
500 से अधिक जरूरतमंदों को कराया गया भोजन, वस्त्रों का भी हुआ वितरण, 26 वां वर्ष भी जारी रही सेवा की परंपरा
दरिद्र नारायण सेवा मानवता की सच्ची सेवा है : अविनाश कुमार यादव
हजारीबाग
हजारीबाग शहर की प्रतिष्ठित बड़ा बाजार दुर्गा पूजा महासमिति की ओर से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर पूजा पंडाल परिसर के समीप दरिद्र नारायण सेवा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारीबाग के उप महापौर अविनाश कुमार यादव मुख्य रूप से शामिल हुए। उनके साथ नगर निगम के वार्ड पार्षद टिंकू खान, विजय प्रसाद, विशाल वर्मा, बैजनाथ राम एवं गालिब अहमद सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं, नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त अनिल कुमार भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर महासमिति की ओर से उप महापौर अविनाश कुमार यादव, सभी उपस्थित वार्ड पार्षदों एवं सहायक नगर आयुक्त अनिल कुमार को अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के पश्चात कार्यक्रम विधिवत रूप से प्रारंभ हुआ।
इस दौरान सभी अतिथियों ने प्रसाद भी ग्रहण किया। सेवा, समर्पण और सामाजिक संवेदना की भावना से आयोजित इस कार्यक्रम में 500 से अधिक जरूरतमंद महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों को भोजन कराया गया। इनमें असहाय, गरीब, रिक्शा चालक तथा बिरहोर बस्ती के लोग शामिल थे। सभी को महाप्रसाद स्वरूप पूरी, सब्जी, चटनी, जूस एवं मिठाई परोसी गई। इसके उपरांत जरूरतमंदों के बीच कंबल, साड़ी, धोती तथा छोटे बच्चों के वस्त्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान पिछले 22 वर्षों से लगातार इस सेवा कार्य में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले दिनेश कुमार सिंह एवं प्रकाश सिंह को महासमिति की ओर से अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने उनके लंबे समय से जारी सहयोग और समर्पण की सराहना की। उप महापौर अविनाश कुमार यादव ने कहा कि दरिद्र नारायण सेवा जैसे आयोजन समाज में मानवीय संवेदना, सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ खुशियां बांटने का अवसर भी है।
जरूरतमंदों के बीच भोजन एवं वस्त्र वितरित कर बड़ा बाजार दुर्गा पूजा महासमिति ने सराहनीय पहल की है। ऐसे सेवा कार्यों से समाज में आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता बढ़ती है। उन्होंने महासमिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई दी। गौरतलब है कि बड़ा बाजार दुर्गा पूजा महासमिति पिछले 25 वर्षों से लगातार दरिद्र नारायण सेवा का आयोजन करती आ रही है। यह परंपरा जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने के साथ समाज में सेवा और समर्पण का संदेश दे रही है। महासमिति के सचिव दीप नारायण निषाद ने कहा कि दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर दरिद्र नारायण सेवा आयोजित करने का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को त्योहार की खुशियों में सहभागी बनाना है। इस वर्ष भी 500 से अधिक जरूरतमंदों को भोजन कराने के साथ वस्त्र वितरित किए गए।
महासमिति भविष्य में भी इस सेवा परंपरा को पूरी निष्ठा के साथ जारी रखेगी। वहीं,महासमिति की कोर कमेटी के सदस्य दिलीप जायसवाल ने कहा कि दरिद्र नारायण सेवा समिति की प्रमुख गतिविधियों में से एक है। हमारा प्रयास है कि दुर्गा पूजा के इस पावन अवसर पर समाज के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर उनके जीवन में खुशियां लाई जाएं। आने वाले वर्षों में भी महासमिति समाज के कल्याण के लिए इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी। वहीं आयोजन के बीच महासमिति के सदस्य उमेश यादव, सहित कई अन्य लोगों के द्वारा साड़ी का वितरण किया गया। मौके पर सचिव दीप नारायण निषाद, बंशीधर रुखियार, दिलीप जायसवाल, गणेश यादव,बाल गोविंद निषाद, शंकर गुप्ता,पवन खंडेलवाल, बैजनाथ गुप्ता, रविकांत गुप्ता, नरेश निषाद, प्रदीप जैन, प्रमोद खण्डेलवाल, उदय शंकर गुप्ता, शांतिलाल अग्रवाल, रितेश खण्डेलवाल, पिकु यादव, संजय यादव, दिलीप सोनी, उपेंद्र सिन्हा, लक्ष्मण निषाद, राजू सिन्हा, आशुतोष चौधरी, अनिल मद्धेशिया, पंकज कसेरा, अनिल ताम्बी, संतोष गुप्ता, यश राज, अभय निषाद, अजय गुप्ता सहित कई लोग उपस्थित रहे।
