रसोईया धमना में कलश स्थापना के साथ शारदीय नवरात्र शुरू, प्रवचन कार्यक्रम भी प्रारंभ
भव्य कलश यात्रा में शामिल हुए सैकड़ों श्रद्धालु, विधिवत पूजा-अर्चना के साथ मंदिर में स्थापित किया गया कलश
बरही
बरही प्रखंड अंतर्गत रसोईया धमना स्थित दुर्गा मंदिर में रविवार को कलश स्थापना के साथ शारदीय नवरात्र की पूजा प्रारंभ हो गई। इस अवसर पर सुबह भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु भक्त शामिल हुए। पूरे गांव में भक्तिमय माहौल बना रहा। कलश यात्रा दुर्गा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर टोल प्लाजा के समीप नदी तक पहुंची। वहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने कलश में जल भरा। इसके बाद श्रद्धालु पूरे गांव का भ्रमण करते हुए दुर्गा मंदिर परिसर पहुंचे। यहां विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर कलश स्थापित किया गया और मां दुर्गा की आराधना के साथ शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हुआ
। पूजा में मुख्य यजमान के रूप में प्रो. बद्री साव सपत्नी, तापेश्वर साव सपत्नी, परमेश्वर साव सपत्नी, बीरेंद्र कुमार सपत्नी बैठे है। पूजा समिति के अध्यक्ष राम लखन राम गुप्ता ने बताया कि नवरात्र के प्रथम दिन से ही मंदिर परिसर में रात्रि के समय प्रवचन कार्यक्रम भी शुरू हो गया है। नवरात्र के दौरान श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर मां दुर्गा से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना करेंगे। मौके पर पूजा समिति के अध्यक्ष राम लखन राम गुप्ता, प्रो बद्री साहू, तापेश्वर साव, रघुनाथ साव, हरि यादव, नितेश कुमार, टुकलाल साव, संतोष साव, बीरेंद्र साव सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु भक्त उपस्थित रहे।
