बरही में कांग्रेस एससी विभाग ने मनाई गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती
बरही
बरही प्रखंड परिसर स्थित मैदान के मंच पर 2 अक्टूबर को कांग्रेस पार्टी के एससी विभाग के प्रखंड अध्यक्ष कार्तिक पासवान के नेतृत्व में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर कार्तिक पासवान ने महात्मा गांधी के विचारों और लाल बहादुर शास्त्री के निस्वार्थ भाव से किए गए देशसेवा के कार्यों को याद किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के सत्य, अहिंसा और जनसेवा के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। वहीं शास्त्री जी का सादगीपूर्ण जीवन और देश के प्रति समर्पण युवाओं के लिए अनुकरणीय है।
कार्तिक पासवान ने बरही क्षेत्र में बढ़ते भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसे रोकने के लिए युवाओं को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की ओर से बहुत जल्द भ्रष्टाचार मुक्त बरही के उद्देश्य से आंदोलन चलाया जाएगा। उन्होंने युवाओं एवं आम लोगों से जनहित के मुद्दों को लेकर एकजुट होने का आह्वान किया। कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मनोहर यादव, यूथ कांग्रेस के बरही विधानसभा अध्यक्ष मंजीत यादव, भीम आर्मी के प्रखंड अध्यक्ष लक्ष्मण राव, रिजवान अली, रवि सिंह, विनोद दास, सुनील दास, प्रभु भुइयां, पंकज पासवान, टिंकू साव, सुनील आनंद, सिकंदर रविदास, मुकेश पासवान, मनोज दास एवं रवि राज सहित अन्य कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपनाने तथा समाज एवं देशहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
