बसिया पालकोट फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी की सातवीं वार्षिक आमसभा संपन्न, किसानों की आय बढ़ाने पर दिया गया जोर
आदित्य ओहदार
बसिया।
बसिया पालकोट फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की सातवीं वार्षिक आमसभा 2025-26 का आयोजन आज संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बसिया प्रखंड प्रमुख जगरानी तिग्गा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर कंपनी के कार्यों, उपलब्धियों, आर्थिक स्थिति एवं भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
आमसभा में कंपनी द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। कंपनी के माध्यम से किसानों को कृषि बीज, खाद एवं अन्य कृषि सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही किसानों के कृषि उत्पादों की खरीद-बिक्री को बढ़ावा देने और उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में बताया गया कि कंपनी बसिया, पालकोट और सिसई प्रखंड के किसानों के साथ मिलकर कार्य कर रही है। कंपनी के कार्यक्षेत्र में 253 गांवों के 17,145 परिवार जुड़े हुए हैं। कृषि व्यापार को बढ़ावा देने, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और किसानों की आय में वृद्धि करने की दिशा में कंपनी लगातार प्रयासरत है।
कंपनी के निदेशक एवं सदस्यों में कुमारी सुमन लता, सरिता देवी, पार्वती कुमारी, मनोरमा देवी, रेशमा देवी, मीना देवी, वृंदावती देवी, सालों कुमारी, पूनम कुमारी एवं जमुना देवी के नाम शामिल हैं। कंपनी के संचालन एवं किसानों के हित में इनकी भागीदारी महत्वपूर्ण है।
कंपनी के संचालन एवं किसानों तक कृषि सुविधाएं पहुंचाने में FPC स्टाफ की भी अहम भूमिका रही है। स्टाफ में विकास कुमार (मार्केटिंग मैनेजर), विनय टोप्पो (अकाउंटेंट), दिनेश ओहदार (BME), संगीता देवी (एग्री मार्ट मैनेजर, बसिया) और दुर्गा कुमार (एग्री मार्ट मैनेजर, सिसई) शामिल हैं। सभी कर्मचारी कृषि व्यापार, वित्तीय प्रबंधन, विपणन एवं एग्री मार्ट के संचालन से जुड़े कार्यों में योगदान दे रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान कंपनी की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा हुई। बसिया प्रखंड के कुम्हारी बाजार में ग्रामीण व्यापार केंद्र के रूप में जोहार एग्री मार्ट एवं संग्रह केंद्र की स्थापना कंपनी की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रही। भविष्य में कृषि उत्पादों के बेहतर विपणन, संग्रह केंद्रों की स्थापना, कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने और किसानों को एक ही स्थान पर कृषि संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना पर जोर दिया गया।
आमसभा में कंपनी के निदेशक, सदस्य, किसान एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को संगठित कर कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाना, ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा देना तथा किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना रहा।
