योगी की राह पर चली झारखंड सरकार, रांची हिंसा मामले में 33 पत्थरबाजों के फोटो वाला पोस्टर जारी
संवाददाता – अंकित नाग
राँची- उत्तर प्रदेश की तरह अब झारखंड पुलिस ने भी रांची हिंसा के 33 आरोपियों की तस्वीरों वाले पोस्टर जारी किए हैं। इन तस्वीरों के माध्यम से पुलिस जनता से आरोपियों संबंध में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है। रांची में हिंसा में दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दर्जनभर पुलिसकर्मियों सहित 20 से अधिक लोग घायल हो गए थे।
दरअसल, भाजपा की निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा और निष्कासित नेता नवीन कुमार जिंदल द्वारा पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित विवादास्पद टिप्पणी को लेकर रांची में शुक्रवार 10 जून को विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया था। हिंसा के बाद प्रशासन को शहर के कुछ हिस्सों में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू करनी पड़ी थी और इंटरनेट सेवाओं को भी निलंबित कर दिया गया था।