Ad image

जेंडर हिंसा के खिलाफ 16 दिवसीय अभियान शुरू,हिंसा मुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प

Suresh Mahapatra
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now

जेंडर हिंसा के खिलाफ 16 दिवसीय अभियान शुरू,हिंसा मुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प

 

 

 

पोटका से सुरेश कुमार महापात्र की रिपोर्ट 

 

 

 

सामाजिक संस्था “युवा” यूथ यूनिटी फॉर वॉलंटरी एक्शन के संयुक्त तत्वाधान में गर्ल्स फर्स्ट फंड के सहयोग  से जेंडर आधारित हिंसा के विरुद्ध  16 दिवसीय अभियान की शुरुआत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, पोटका से की गई।अभियान का शुभारंभ विद्यालय की वार्डन रूमा हलदार, शिक्षिकाओं , छात्राओं एवं संस्था के सदस्यों द्वारा सामूहिक रूप से गुब्बारे उड़ाकर किया गया। इस दौरान हिंसा मुक्त समाज, महिलाओं एवं किशोरियों के अधिकार और समानता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के तहत किशोरियों के बीच प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में युवा संस्था की सदस्य अंजना देवगम ने विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं छात्राओं का स्वागत करते हुए 16 दिवसीय अभियान के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष 25 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी दिन से 16 दिवसीय अभियान की शुरुआत होती है, जो 10 दिसंबर यानी अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस तक चलता है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल जागरूकता फैलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि हमें अपने घर, विद्यालय और समाज में महिलाओं एवं किशोरियों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को लेकर अपनी जिम्मेदारी समझने का अवसर देता है। हिंसा केवल शारीरिक मारपीट तक सीमित नहीं है, बल्कि किसी को अपमानित करना, शिक्षा से वंचित करना, उसकी स्वतंत्रता एवं निर्णय लेने के अधिकार को छीनना, बाल विवाह के लिए दबाव डालना और ऑनलाइन माध्यम से परेशान करना भी हिंसा के विभिन्न रूप हैं। उन्होंने किशोरियों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, अपनी बात खुलकर रखने और किसी भी प्रकार के भेदभाव एवं हिंसा के विरुद्ध आवाज उठाने की अपील की।

अभियान के व्यापक संदर्भ को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि इस वर्ष जलवायु परिवर्तन, महिलाओं एवं किशोरियों के विरुद्ध हिंसा, मानसिक स्वास्थ्य, जेंडर न्याय और सुरक्षित समुदाय निर्माण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को एक साथ जोड़कर जागरूकता बढ़ाने की पहल की जा रही है। जलवायु परिवर्तन का प्रभाव महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, पोषण, आजीविका और दैनिक जीवन पर भी पड़ता है। ऐसे में इन चुनौतियों को समझना और इनके समाधान की प्रक्रिया में महिलाओं एवं किशोरियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान क्विज प्रतियोगिता का संचालन चाँदमनी सँवाया ने किया। प्रतियोगिता में जलवायु परिवर्तन, महिलाओं एवं किशोरियों के अधिकार, हिंसा की पहचान एवं रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य, जेंडर समानता और सुरक्षित समुदाय निर्माण से संबंधित प्रश्न पूछे गए। इसके माध्यम से किशोरियों की जानकारी एवं समझ का आकलन करने के साथ-साथ उन्हें अपने विचार रखने और नए विषयों को समझने का अवसर मिला।

इसके माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक महिला एवं किशोरी को बिना किसी डर, हिंसा और भेदभाव के सम्मानपूर्वक जीवन जीने, शिक्षा प्राप्त करने, अपनी पसंद के निर्णय लेने और समान अवसर पाने का अधिकार है। सुरक्षित एवं समानता आधारित समाज का निर्माण केवल महिलाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार, विद्यालय, पंचायत और पूरे समुदाय की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में युवा संस्था के सदस्य कापरा माझी, आबंती सरदार, किरण सरदार, अरूप मंडल एवं फेलो की महत्वपूर्ण योगदान रही।

Share This Article
Leave a Comment