बरकट्ठा में एक घर से चोरों ने ताला तोड़कर किया लाखों की चोरी
ज्वेलर्स दुकान में चोरी का असफल प्रयास, एक घर से नगदी व जेवरात की चोरी
झारखण्ड न्यूज24
बरकट्ठा
बरकट्ठा। बरकट्ठा बाजार रोड़ स्थित एक मकान में चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की संपत्ति की चोरी कर लिया गया। इस बाबत बाजार रोड निवासी लक्ष्मण प्रसाद चौधरी पिता परमेश्वर प्रसाद ने बरकट्ठा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें बताया है कि रविवार 11-12 अक्टूबर की मध्य रात्रि को घर में लगे ताले को तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। बताया की रात को सभी लोग खाना खाकर बगल के कमरे में सोने चले गये, रात को लगभग दो बजे के करीब मेरे पिताजी के द्वारा कमरा को खुला देखकर शोर मचाने पर मैं और मेरे बड़े भैया उठकर गये।
जाकर देखा कि बाहर के रुम में लगा ताला टूटा हुआ है, अंदर जाकर देखा कि गोदरेज अलमीरा भी खुला पड़ा है। गोदरेज अलमीरा में रखा सभी सामान जमीन पर बिखरा हुआ है, साथ ही गोदरेज अलमीरा में रखा दोनों बहुओं की लगभग बीस लाख रुपये के जेवरात, पत्नी और पुत्री की लगभग दस लाख रुपये के जेवरात तथा पांच लाख रुपये नगदी समेत लगभग 30-35 लाख रुपये की संपत्ति की चोरी कर ली गई है। मामले की सूचना मिलने पर बरकट्ठा थाना प्रभारी आशीष कुमार भगत ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली, साथ ही रांची से पहुंची फॉरेंसिक की टीम ने साक्ष्य एकत्रित किया। पूर्व मुखिया बसंत साव ने कहा कि बरकट्ठा बाजार में चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन अब तक किसी भी घटना का उद्भेदन नहीं हो पाया है। इससे चोरों का मनोबल बढ़ा हुआ है और आमजन के बीच भय का माहौल बना हुआ है।
ज्वेलर्स दुकान में चोरी का असफल प्रयास, एक घर से नगदी व जेवरात की चोरी
बरकट्ठा। बरकट्ठा बैंक ऑफ इंडिया के बगल में स्थित ज्योति ज्वेलर्स दुकान में भी चोरों ने चोरी का असफल प्रयास किया। जैसे ही चोरों ने जेवर दुकान का गेट तोड़ने का प्रयास किया वैसे ही लोग उठ गये, जिससे चोर भाग खड़े हुए। ज्वेलर्स दुकान के मालिक संजय सोनी ने बताया कि लगभग छः माह पूर्व भी मेरे दुकान में लाखों रूपए की चोरी हुई थी, जिसका उद्भेदन आज तक नहीं हुआ। वहीं ग्राम बरवां निवासी मनोज साव के यहां भी अज्ञात चोरों ने दस हजार रुपये नगद और एक जोड़ी चांदी का पायल की चोरी कर लिया।
