रामनवमी अंतरात्मा से जुड़ा त्योहार, सरकार प्रतिबंध की जंजीर न लगाये : इंद्रदेव यादव
संवाददाता : बरही
बरही प्रखंड अंतर्गत डपोक पंचायत निवासी युवा सामाजिक कार्यकर्ता सह शिक्षक इंद्रदेव यादव ने रामनवमी को लेकर सरकार द्वारा जारी अध्यादेश को जंजीर बताया है। उन्होंने कहा कि बरही में रामनवमी जुलूस का जश्न और उमंग का एक अलग ही अंदाज है। इस जुलूस में शहर और शहर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के कई अखाड़ाधारी अपनी आकर्षक झांकियों के साथ भाग लेते हैं। ऐसी परिस्थिति में सरकार द्वारा जारी किया गया अध्यादेश परंपरागत रामनवमी के हिसाब से पूरी तरह गलत है। जुलूस में डीजे पर धार्मिक गीत ही बजते हैं। यह परंपरा के साथ-साथ आस्था का भी विषय है। रामनवमी महोत्सव के उपलक्ष्य में निकाली जाने वाली शोभायात्राओं में डीजे बजाने की अनुमति दी जाये। कहा कि रामनवमी का त्योहार हम सबकी अंतरात्मा से जुड़ा हुआ है, इसलिए सरकार से प्रतिबंध की जंजीर न लगाने का अनुरोध किया है।