Ad image

सड़क हादसे में जान गंवाने वाले बैजनाथ प्रजापति के परिजनों से मिले महासंघ के पदाधिकारी, जताई संवेदना

jharkhandnews024@gmail.com
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now

सड़क हादसे में जान गंवाने वाले बैजनाथ प्रजापति के परिजनों से मिले महासंघ के पदाधिकारी, जताई संवेदना

प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय प्रजापति के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का दिया भरोसा

हजारीबाग

झारखंड प्रजापति (कुम्हार) महासंघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले इचाक प्रखंड के रतनपुर गांव निवासी बैजनाथ प्रजापति के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। गुरुवार को महासंघ के प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय प्रजापति के नेतृत्व में दर्जनों पदाधिकारी एवं समाज के लोग मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढ़स बंधाया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों को हरसंभव सहयोग करने का भरोसा भी दिया। परिजनों से मुलाकात के दौरान महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि बैजनाथ प्रजापति एक संघर्षशील, कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार पुलिस पदाधिकारी थे। वे अपने सौम्य व्यवहार और कार्य के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे। ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में उनका असमय निधन पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।

उनके योगदान और कर्तव्यनिष्ठा को समाज हमेशा याद रखेगा। मिली जानकारी के अनुसार, बैजनाथ प्रजापति पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित टांटानगर थाना में पदस्थापित थे। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उनकी ड्यूटी नेमरा में लगाई गई थी। शनिवार को ड्यूटी पूरी करने के बाद वे शाम के समय दवा लेने के लिए दुकान जा रहे थे। इसी दौरान वे सड़क दुर्घटना के शिकार हो गए। हादसे के बाद राहगीरों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल, रामगढ़ पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें वेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, इलाज के दौरान रविवार की सुबह उनकी मौत हो गई। उनके निधन से परिवार सहित पूरे प्रजापति समाज में शोक की लहर है। बैजनाथ प्रजापति अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके परिवार में पत्नी डोमनी देवी, माता कौशल्या देवी, पुत्र धर्मेंद्र उर्फ मंटू कुमार, पुत्रियां रूपा कुमारी और लता कुमारी तथा भाई गणेश कुमार और वीरेंद्र कुमार प्रजापति शामिल हैं।

महासंघ के पदाधिकारियों ने परिजनों की पीड़ा साझा करते हुए उन्हें इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की बात कही और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस अवसर पर महासंघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। मौके पर प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय प्रजापति, हजारीबाग जिला संरक्षक सुखदेव प्रजापति, संरक्षक विष्णु प्रजापति, अर्जुन प्रजापति, बैद्यनाथ प्रजापति, प्रखंड अध्यक्ष जयशंकर प्रजापति, बालेश्वर प्रजापति, उमेश प्रजापति, कृष्ण प्रजापति, अखिलेश प्रजापति, कमल प्रजापति, मिथलेश प्रजापति, राजेश प्रजापति, खेमलाल प्रजापति सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में बैजनाथ प्रजापति के निधन को समाज के लिए बड़ी क्षति बताते हुए पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने की प्रतिबद्धता जताई।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *