Ad image

पीएम मोदी ने 125वें एपिसोड में बताया कैसे बदल रहा है भारत

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now

नई दिल्ली-

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगस्त महीने के आखिरी रविवार को 125वें एपिसोड में देशवासियों से संवाद किया। इस बार उन्होंने मॉनसून के दौरान आई प्राकृतिक आपदाओं और देश में हो रहे सकारात्मक बदलावों पर विशेष ध्यान दिया। पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हाल ही में हुए डे-नाइट क्रिकेट मैच का जिक्र करते हुए इसे बदलते भारत का प्रतीक बताया। यह मैच रॉयल प्रीमियर लीग का हिस्सा था, जिसमें जम्मू-कश्मीर की विभिन्न टीमें भाग ले रही थीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले इस तरह के आयोजन असंभव लगते थे, लेकिन अब देश तेजी से बदल रहा है और नए अवसरों के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने मॉनसून के दौरान आई बाढ़ और भूस्खलन जैसी आपदाओं का विवरण देते हुए कहा कि कई घर जलमग्न हो गए, खेत तबाह हो गए और कई परिवारों की जीवनयात्रा संकट में पड़ गई। प्रधानमंत्री ने प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया, उनके दुःख को हम सभी साझा करते हैं। पीएम मोदी ने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवानों की सराहना की, जिन्होंने तकनीक और आधुनिक साधनों जैसे थर्मल कैमरा, लाइव डिटेक्टर, खोजी कुत्ते और ड्रोन सर्विलांस का उपयोग करते हुए राहत कार्यों में तेजी लाई। उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टरों से राहत सामग्री वितरित की गई और घायलों को एयरलिफ्ट किया गया। स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, डॉक्टर और प्रशासन सभी ने मिलकर संकट के समय हर संभव मदद की। प्रधानमंत्री ने ऐसे हर नागरिक का हृदय से धन्यवाद किया, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में मानवता को प्राथमिकता दी।खेलों की उपलब्धियों पर बात करते हुए पीएम मोदी ने देश के पहले खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल’ का उदाहरण दिया, जो श्रीनगर की डल झील में आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य जम्मू-कश्मीर में जल खेलों को बढ़ावा देना और युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह जगाना है। इसमें पूरे भारत से 800 से अधिक एथलीटों ने भाग लिया और महिला एथलीटों की भागीदारी पुरुषों के लगभग बराबर रही। उन्होंने मध्य प्रदेश को सबसे अधिक पदक जीतने पर बधाई दी, उसके बाद हरियाणा और ओडिशा का स्थान रहा। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय एकजुटता, सहानुभूति और मानवता की भावना ही देश की असली ताकत है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि संकट की इन घड़ियों में मदद के लिए हर कोई आगे आए और बदलाव की इस दिशा में मिलकर काम करे।

Share This Article
राज्य प्रभारी
Follow:
हंसराज चौरसिया स्वतंत्र पत्रकार, स्तंभकार एवं मीडिया कम्युनिकेशन से जुड़े पेशेवर हैं। वर्ष 2017 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हंसराज ने अपने करियर की शुरुआत स्वतंत्र प्रभात से की। बीते वर्षों में उन्होंने झारखंड के सामाजिक, राजनीतिक और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर निरंतर लेखन, रिपोर्टिंग और ग्राउंड कवरेज किया है।उन्होंने विभिन्न चुनावों की प्रत्यक्ष एवं जमीनी रिपोर्टिंग करते हुए चुनावी माहौल, जनमत, स्थानीय मुद्दों, राजनीतिक गतिविधियों और मतदाताओं के बीच जाकर रिपोर्टिंग का अनुभव हासिल किया है। क्षेत्रीय राजनीति और जनसरोकार के मुद्दों पर उनकी रिपोर्टिंग में स्थानीय परिस्थितियों और प्रत्यक्ष अनुभवों को विशेष महत्व मिलता है। वर्तमान में वे झारखंड दर्शन, खबर मन्त्र, स्वतंत्र प्रभात, अमर भास्कर, झारखंड न्यूज़24 एवं क्राफ्ट समाचार सहित विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म्स के लिए स्वतंत्र लेखन एवं रिपोर्टिंग कर रहे हैं। साथ ही झारखंड न्यूज़24 में राज्य प्रभारी के रूप में संपादकीय एवं संगठनात्मक जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का प्रमुख फोकस जमीनी मुद्दे, सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक विमर्श, आदिवासी समाज, राजनीति और जनहित से जुड़े विषयों पर रहा है। राजनीतिक संवाद एवं मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में भी उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। शैक्षणिक रूप से हंसराज वर्तमान में रांची विश्वविद्यालय से हिंदी साहित्य में स्नातकोत्तर (2024–26) कर रहे हैं। साहित्यिक अध्ययन और पत्रकारिता के व्यावहारिक अनुभव का समन्वय उनके लेखन को विषयगत समझ, सामाजिक संवेदना और प्रभावी भाषा प्रदान करता है। हजारीबाग के बरगड्डा गांव से आने वाले हंसराज वर्तमान में रांची में रहते हैं और स्वतंत्र पत्रकारिता के माध्यम से झारखंड के सामाजिक, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़े विषयों को व्यापक विमर्श तक पहुंचाने के लिए सक्रिय हैं।
Leave a Comment