Ad image

रिनपास शताब्दी समारोह में मुख्यमंत्री ने टेली-मेंटल हेल्थ और डिजिटल अकादमी का किया शुभारंभ

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now

रांची-

रांची इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरो साइकेट्री एंड एलाइड साइंस (रिनपास) के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित शताब्दी वर्ष समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रिनपास की टेली-मेंटल हेल्थ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सेवा और डिजिटल अकादमी का शुभारंभ किया। साथ ही रिनपास पर आधारित पोस्टल स्टाम्प, स्मारिका और चार पुस्तकें भी जारी की गईं।मुख्यमंत्री ने समारोह में कहा कि रिनपास में आधारभूत संरचना और शैक्षणिक व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा, ताकि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं से ग्रसित मरीजों को आधुनिक और बेहतर इलाज की सभी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने यह भी जोर दिया कि इलाज में अत्याधुनिक तकनीकों का अधिकतम इस्तेमाल किया जाएगा। सोरेन ने रिनपास जैसी संस्थाओं की भूमिका आज के समय में तेजी से बढ़ती हुई बताई। उन्होंने कहा कि मानसिक परेशानियों से जूझ रहे लोगों को बेहतर काउंसलिंग और इलाज की सुविधा उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने यह चिंता भी व्यक्त की कि कई परिजन अपने रोगियों को छोड़कर चले जाते हैं और कभी वापस नहीं आते, जबकि कई बार मानसिक मरीजों को घर में अलग रखा जाता है, जो समाज और परिवार के लिए हानिकारक है। ऐसे में मानसिक समस्याओं से ग्रसित मरीजों तक सहज और सरल तरीके से सेवाएं पहुंचाना बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री ने रिनपास की स्थापना की तारीख 1925 का स्मरण करते हुए कहा कि उस समय इस संस्थान की आवश्यकता और दूरदर्शिता कितनी महत्वपूर्ण थी, यह बताने की जरूरत नहीं है। पिछले सौ वर्षों से रिनपास लोगों की सेवा में समर्पित है और इस सेवा भाव को और भी बेहतर बनाया जाएगा। समारोह के दौरान रिनपास के अवकाश प्राप्त निदेशकों और फैकल्टी सदस्यों का उनके योगदान के लिए सम्मान किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, विधायक राजेश कच्छप, सुरेश कुमार बैठा, रिनपास निदेशक डॉ. अमूल रंजन सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने समारोह के अंत में रिनपास से जुड़े सभी लोगों को सेवा, समर्पण और विश्वास के गौरवशाली सौ वर्ष पूरे होने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी और कहा कि राज्य सरकार मानसिक स्वास्थ्य क्षेत्र में सभी आवश्यक कदम उठाएगी, ताकि रिनपास में मरीजों को आधुनिक और उच्च गुणवत्ता की सुविधाएं मिल सकें।

Share This Article
राज्य प्रभारी
Follow:
हंसराज चौरसिया स्वतंत्र पत्रकार, स्तंभकार एवं मीडिया कम्युनिकेशन से जुड़े पेशेवर हैं। वर्ष 2017 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हंसराज ने अपने करियर की शुरुआत स्वतंत्र प्रभात से की। बीते वर्षों में उन्होंने झारखंड के सामाजिक, राजनीतिक और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर निरंतर लेखन, रिपोर्टिंग और ग्राउंड कवरेज किया है।उन्होंने विभिन्न चुनावों की प्रत्यक्ष एवं जमीनी रिपोर्टिंग करते हुए चुनावी माहौल, जनमत, स्थानीय मुद्दों, राजनीतिक गतिविधियों और मतदाताओं के बीच जाकर रिपोर्टिंग का अनुभव हासिल किया है। क्षेत्रीय राजनीति और जनसरोकार के मुद्दों पर उनकी रिपोर्टिंग में स्थानीय परिस्थितियों और प्रत्यक्ष अनुभवों को विशेष महत्व मिलता है। वर्तमान में वे झारखंड दर्शन, खबर मन्त्र, स्वतंत्र प्रभात, अमर भास्कर, झारखंड न्यूज़24 एवं क्राफ्ट समाचार सहित विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म्स के लिए स्वतंत्र लेखन एवं रिपोर्टिंग कर रहे हैं। साथ ही झारखंड न्यूज़24 में राज्य प्रभारी के रूप में संपादकीय एवं संगठनात्मक जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का प्रमुख फोकस जमीनी मुद्दे, सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक विमर्श, आदिवासी समाज, राजनीति और जनहित से जुड़े विषयों पर रहा है। राजनीतिक संवाद एवं मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में भी उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। शैक्षणिक रूप से हंसराज वर्तमान में रांची विश्वविद्यालय से हिंदी साहित्य में स्नातकोत्तर (2024–26) कर रहे हैं। साहित्यिक अध्ययन और पत्रकारिता के व्यावहारिक अनुभव का समन्वय उनके लेखन को विषयगत समझ, सामाजिक संवेदना और प्रभावी भाषा प्रदान करता है। हजारीबाग के बरगड्डा गांव से आने वाले हंसराज वर्तमान में रांची में रहते हैं और स्वतंत्र पत्रकारिता के माध्यम से झारखंड के सामाजिक, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़े विषयों को व्यापक विमर्श तक पहुंचाने के लिए सक्रिय हैं।
Leave a Comment