Ad image

11 रुपये में मिलेगी छठ पूजन सामग्री, हजारीबाग यूथ विंग चौथी बार करेगा सेवा शिविर का आयोजन

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now

11 रुपये में मिलेगी छठ पूजन सामग्री, हजारीबाग यूथ विंग चौथी बार करेगा सेवा शिविर का आयोजन

12 नवंबर को खजांची तालाब के समीप होगा कार्यक्रम, सांसद मनीष जायसवाल ने की पहल की सराहना

हजारीबाग। लोकआस्था के महापर्व छठ के अवसर पर हजारीबाग यूथ विंग की ओर से लगातार चौथे वर्ष छठ सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आगामी 12 नवंबर को खजांची तालाब के समीप के.बी. सहाय मार्ग में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के तहत छठ व्रतियों को मात्र 11 रुपये में सूप, नारियल सहित 19 प्रकार की पूजन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन एवं अध्यक्ष करण जायसवाल के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल ने सांसद मनीष जायसवाल से शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया। सांसद ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पूजन सामग्री के लिए 9, 10 एवं 11 नवंबर को कूपन का वितरण किया जाएगा। संस्था का उद्देश्य छठ व्रतियों को कम कीमत पर पूजन सामग्री उपलब्ध कराकर उनके पर्व को सुगम बनाना और सेवा भावना के साथ सामाजिक सहभागिता निभाना है।

सांसद मनीष जायसवाल ने हजारीबाग यूथ विंग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि संस्था ने सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। छठ जैसे लोकआस्था के महापर्व पर व्रतियों को पूजन सामग्री उपलब्ध कराने की पहल सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना को प्रदर्शित करती है। लगातार चौथे वर्ष इस कार्यक्रम का आयोजन संस्था की सामाजिक प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी का परिचायक है। उन्होंने संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन, अध्यक्ष करण जायसवाल सहित संस्था के सभी सदस्यों को इस पुनीत कार्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि छठ व्रतियों की सेवा ही हजारीबाग यूथ विंग का संकल्प है। समाज के जरूरतमंद लोगों और श्रद्धालुओं की सहायता करना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। लगातार चौथे वर्ष इस कार्यक्रम का आयोजन सदस्यों के सामूहिक प्रयास और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति समर्पण को दर्शाता है। आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

वहीं, अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि संस्था का प्रयास है कि छठ महापर्व पर अधिक से अधिक व्रतियों को सम्मानपूर्वक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। मात्र 11 रुपये में 19 प्रकार की पूजन सामग्री उपलब्ध कराने का उद्देश्य सेवा को आम लोगों तक सुलभ बनाना है। उन्होंने शहरवासियों से इस पुनीत सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर सहभागी बनने की अपील की।

प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष विकास तिवारी, सचिव रितेश खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष गुंजन मद्धेशिया एवं मार्गदर्शक मंडली के सदस्य जयप्रकाश खंडेलवाल मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment