Ad image

जामताड़ा में पति ने पत्नी की हत्या कर खुद को भी किया घायल! नौहथिया गांव में सनसनी, पुलिस हिरासत में आरोपी

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now

जामताड़ा में पति ने पत्नी की हत्या कर खुद को भी किया घायल! नौहथिया गांव में सनसनी, पुलिस हिरासत में आरोपी

घरेलू विवाद के बाद वारदात को दिया अंजाम, पत्नी पर बिजली का करंट लगाने के बाद टांगी से किया हमला; चाकू से खुद को घायल करने वाले पति का अस्पताल में चल रहा इलाज

आदित्य ओहदार |

जामताड़ा। झारखंड के जामताड़ा जिले में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। नारायणपुर थाना क्षेत्र के नौहथिया गांव में गुरुवार रात करीब नौ बजे एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर बिजली का करंट लगाकर और टांगी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति ने भी चाकू से अपने गले पर वार कर खुद को घायल कर लिया। इस घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।

खाने के बाद पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद

मृतका की पहचान नौहथिया गांव निवासी मनोज रजवार की पत्नी बसंती देवी के रूप में हुई है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, मनोज रजवार गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अपने एक रिश्तेदार के घर से वापस लौटा था। रात में खाना खाने के बाद किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान मनोज ने पहले अपनी पत्नी पर बिजली का करंट लगाया और फिर टांगी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद पति ने खुद को किया घायल

पत्नी की हत्या के बाद मनोज रजवार ने चाकू से अपने गले पर वार कर खुद को भी घायल कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया। वहीं, घायल मनोज रजवार को पुलिस हिरासत में लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल, जामताड़ा भेजा गया।

थाना प्रभारी ने दी घटना की जानकारी

मामले को लेकर नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि नौहथिया गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर टांगी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने चाकू से खुद को घायल कर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल आरोपी को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पति-पत्नी के बीच विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment