सेना की गाड़ी गहरी खाई में गिरी, 9 जवानों की हुई मौत
झारखंड न्यूज24 : लेह
लद्दाख के लेह जिले में शनिवार शाम को एक बड़ा हादसा हो गया। सेना का एक वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई जा गिरा जिसमे नौ सैनिकों की मौत हो गई। वही एक सैनिक घायल है। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि सैनिक कारू गैरीसन से लेह के पास क्यारी की ओर बढ़ रहे थे। तभी वाहन अनियंत्रित हुआ और गहरी खाई में चला गया। सैनिकों को सँभलने का भी मौका नहीं मिला।
अधिकारियों के मुताबिक, यह त्रासदी शनिवार शाम दक्षिणी लद्दाख के न्योमा जिले में केरी के पास हुई। उन्होंने कहा कि स्थान पर बचाव अभियान चल रहा है। लेह के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी डी नित्या ने कहा कि सेना के वाहन में 10 जवान सवार थे।
सेना प्रवक्ता से मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय सेना का वाहन लेह से नायोमा की तरफ जा रहा था। क्यारी से छह किलोमीटर पहले हादसा हुआ है। ट्रक गहरी खाई में जा गिरा। हादसा शाम 5.45 बजे हुआ। इस हादसे में 9 जवानो की मौत हो गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना पर दुख जताया है। पीएमओ की तरफ से किए गए ट्वीट में कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने कहा है कि लेह के पास दुर्घटना से दुख हुआ जिसमें हमने भारतीय सेना के कर्मियों को खो दिया। राष्ट्र के प्रति उनकी समृद्ध सेवा सदैव याद रखी जायेगी। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं. जो लोग घायल हैं वे जल्द से जल्द ठीक हों।