कीचड़मय रास्ते में आवाजाही हुआ कठिन, जलजमाव से बढ़ रहा है रोगों का खतरा
झारखंड न्यूज़ 24
करौं/देवघर
उमेश चन्द्र मिश्रा
सरकारी उदासीनता व जनप्रतिनिधि के अनसूना के कारण मधुपुर अनुमण्डल अंतर्गत करोंग्राम के स्थानीय कायस्त टोला, मंडल टोला, बरागी टोला, केवट टोला आदि के लोग बीच सड़क में जल जमाव, व कीचड़ का दंश झेलते हुए नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। बताया जाता है कि केवट टोला में करीब 35 घर हैं। यहाँ के लोग दुर्गन्धयुक्त कीचड़ से काफी परेशानी में है। इसी आक्रोश में ग्रामवासी चाँदी देवी ने कहा कि सभी नेता वोट लेकर अपना पेट भरते हैं और हमारी समस्याओं पर विचार ही नहीं करते। ग्रामीण लोचन मंडल ने कहा कि इस सड़क के सम्बंध में मुखिया को कई बार बोला गया पर हम गरीबों की कौन सुनता है।
गौरतलब यह है कि यहाँ राधा-कृष्ण का मंदिर है और श्रद्धालुओं कीचड़ के रास्ते से गुजरना पड़ता है। महिलाऍं इसी रास्ते से तालाब जाती हैं, कई बार महिलाएँ कीचड़ में गिर भी पड़ती हैं। वर्षा के समय यहाँ के लोग नन्हें-मुन्नों बच्चों को घर से निकलने नहींं देते। यहाँ दुर्गन्ध से लोग परेशान हैं। जल जमाव के मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। यहाँ जल जनित रोग को लेकर लोगों का आशंका बनी रहती है।
स्वास्थ्य विभाग से ब्लिचिंग पाऊडर का छिड़काव आज तक नहीं हो पाया है। सफाई अभियान यहाँ पूरी तरह से फेल है। लोगों ने कहा कि बरसात के मौसम में जल जमाव के पास बत्तख चलते-फिरते नज़र आते हैं।