बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद ने विधानसभा में उठाया पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ की 5 सूत्री मांगों को पूरा करने का मामला
झारखंड न्यूज24 : रांची
झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र के दूसरे कार्य दिवस के दिन सोमवार को बड़कागांव से कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद ने राज्य स्तरीय पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ की पांच सूत्री मांगों को पूरा करने की मांग विधानसभा में जोरदार तरीके से रखी।
विधायक ने सदन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि राज्य स्तरीय पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ के बैनर तले स्वयंसेवक संघ अपनी 5 सूत्री मांगों यथा माननीय मुख्यमंत्री महोदय से वार्ता, पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक का समायोजन, उनको स्थाई कर मानदेय लागू करने तथा पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक का नाम बदलकर पंचायत सहायक करने की मांग को लेकर विगत कई दिनों से राजभवन के समीप धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
विधायक ने सदन के माध्यम से सरकार से यह मांग किया कि राज्य स्तरीय पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ की 5 सूत्री मांगों को पूरा करने हेतु सहानुभूति पूर्वक विचार किया जाए।
विदित हो कि विगत दिनों राज्य स्तरीय पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ के प्रतिनिधि मंडल ने विधायक अंबा प्रसाद से मुलाकात कर मामले को विधानसभा में उठाने का अनुरोध किया था जिसके बाद विधायक ने उनको आश्वस्त किया था कि उनकी मांगों को पूरा कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।