बदलाव संकल्प महासभ, स्थानीय मुद्दों और जनसमस्याओं को लेकर गाँधी मैदान में कल होगा महाजुटान
हज़ारीबाग और चतरा से हज़ारों की संख्या में शामिल होंगे लोग
संवाददाता : बरही
हजारीबाग के गाँधी मैदान में रविवार 16 जुलाई को एक महाजुटान हो रहा है। इस महाजुटान का नाम बदलाव संकल्प महासभा है जो झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय नीति, नियोजन नीति, खनन नीति, पुनर्वास नीति, निजी कंपनियों में स्थानीय को नौकरी में 75 प्रतिशत आरक्षण एवं स्थानीय नेतृत्व के मसले पर अपनी आवाज को बुलंद करना है। जिसमें हज़ारीबाग और चतरा लोकसभा क्षेत्र के हज़ारों युवा साथी और जनता शामिल होंगे।
संजय मेहता और जयराम महतो सहित कई वक्ता करेंगे महासभा को संबोधित
बदलाव संकल्प महासभा में स्थानीय मुद्दों और क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं पर अपनी आवाज बुलंद कर रहे संजय मेहता जी एवं जयराम महतो जी उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। इसके अलावा झारखण्ड के अन्य वक्ता भी झारखंडी भावना के तहत अपनी राय जनता के समक्ष रखेंगे। बदलाव संकल्प महासभा को लेकर हजारीबाग और चतरा लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत सैकड़ों स्थानों में जाकर समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा जनता को जागरूक किया जा चुका है। साथ ही हजारीबाग शहरी क्षेत्र के मटवारी, कोर्रा, बाबुगांव समेत दर्जनों स्थानों में नौजवानों एवं लोगों से संवाद स्थापित कर महासभा में अपनी उपस्थिति दर्ज करने की अपील किया गया है।
नुक्कड़ सभा का आयोजन कर लोगों को किया गया जागरूक
बदलाव संकल्प महासभा को लेकर संजय मेहता ने हज़ारीबाग के कई स्थानों में नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। इस दौरान चौक-चौराहों में जाकर लोगों को महासभा का मुख्य उद्देश्य बताया। उन्होंने झारखंड की माटी और अपने हक़ अधिकारों के लिए बदलाव संकल्प महासभा में शामिल होने का आह्वान लोगों से किया।