दो युवकों ने नाबालिग संग किया दुष्कर्म, पुलिस ने किया गिरफ्तार
संवाददाता : गिरिडीह
स्नान के लिए गांव के किनारे अवस्थित नदी में गई एक 13 साल की बच्ची दुष्कर्म का शिकार हो गई। बच्ची के साथ उसी गांव के दो युवकों ने दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी जब बच्ची ने अपनी मां को दी तो वह इंसाफ के लिए गांव के प्रबुद्ध लोगों के पास गई। लोग मामले को समझ रहे थे कि आरोपियों ने बच्ची के परिजनों को धमकाना शुरू कर दिया।
हालांकि परिजन डरे नहीं और पूरी घटना से पुलिस को अवगत करा दिया जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह मामला बिहार की सीमा से सटे भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा हुआ है। गिरफ्तारी की पुष्टि डीएसपी मुख्यालय संजय राणा ने की है। दरअसल 13 साल की बच्ची स्नान करने गांव के बगल स्थित नदी में गई थी। यहीं पर उसके गांव के ही रहने वाले संजू मरांडी व सोनाराम मरांडी की नजर बच्ची पर पड़ी। दोनों के अंदर हैवानियत जाग गई. दोनों ने अकेली स्नान करने वाली बच्ची को पकड़ लिया। इसके बाद दोनों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची वहीं पर बेसुध पड़ गई। घटना के बाद जब बच्ची को होश आया तो वह किसी तरह अपने घर पहुंची और पूरे मामले से मां को अवगत करवाया। मां और बाप इस मामले को लेकर गांव के प्रबुद्ध लोगों के पास गए। हल्ला होने पर दोनों आरोपी भी एक्टिव हो गए और बच्ची के परिजनों को थाना नहीं जाने की धमकी देने लगे। घटना के दूसरे दिन 6 मई किसी तरह लड़की का एक परिजन भेलवाघाटी थाना पहुंचे और इस मामले की जानकारी थाना प्रभारी अवधेश सिंह को दी। थानेदार ने पूरी घटना की जानकारी एसपी अमित रेणू को दी। इलाका उग्रवाद प्रभावित होने के कारण पुलिस भी सतर्कता बरतते हुए उक्त गांव पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। वही पीड़ित को मेडिकल जांच के अस्पताल भेजा गया।