Ad image

झारखंड सरकार ने शिक्षा और मेधावी विद्यार्थियों को दी नई उड़ान, 975 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे

हंसराज चौरसिया
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now

रांची-

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंगलवार को झारखंड मंत्रालय सभागार में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण एवं मेधा सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की प्रतिबद्धताओं को विस्तार से साझा किया। इस अवसर पर 975 नवनियुक्त स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षकों, सहायक आचार्यों और प्रयोगशाला सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड को शिक्षा के क्षेत्र में एक अलग पहचान दिलाने के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार नीतिगत और प्रशासनिक सुधार किए जा रहे हैं। उनका कहना था कि सरकारी विद्यालयों को निजी विद्यालयों की तरह विकसित करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नेतरहाट आवासीय विद्यालय को को-एजुकेशन बनाने की घोषणा की। अब इस विद्यालय में लड़कियों का नामांकन भी होगा। इसके साथ ही उन्होंने नेतरहाट मॉडल पर तीन और विद्यालय खोलने की योजना का भी खुलासा किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि नेतरहाट आवासीय विद्यालय अब सीबीएसई से संबद्ध है और अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई कर रहा है, जिससे सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी किसी भी मामले में निजी स्कूलों के छात्रों से पीछे न रहें। समारोह में शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के 10वीं और 12वीं के टॉपर्स को तीन लाख रुपये की सम्मान राशि, लैपटॉप और स्मार्टफोन प्रदान किए गए। जैक बोर्ड के टॉपर्स को स्कूटी भी भेंट की गई। वहीं, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के टॉपर्स को लैपटॉप और प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। इसके अलावा, राज्य सरकार द्वारा संचालित आकांक्षा कोचिंग के सफल विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स को सम्मान राशि रिजल्ट के तुरंत बाद उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई में आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। उन्होंने गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना का भी उल्लेख किया, जिसके तहत विद्यार्थियों को बिना किसी गारंटी के 15 लाख रुपए तक का शिक्षा ऋण प्रदान किया जाएगा। सरकार की ओर से स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना और झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव 2025 का भी शुभारंभ किया गया। साथ ही, शत-प्रतिशत रिजल्ट देने वाले विद्यालयों और स्वर्ण श्रेणी में प्रमाणित विद्यालयों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री संजय प्रसाद यादव, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह एवं राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन उपस्थित थे।

Share This Article
राज्य प्रभारी
Follow:
हंसराज चौरसिया स्वतंत्र पत्रकार और स्तंभकार हैं जो वर्ष 2017 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत स्वतंत्र प्रभात से की और पिछले वर्षों में झारखंड के सामाजिक राजनीतिक और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर निरंतर लेखन एवं रिपोर्टिंग की है। वर्तमान में हंसराज झारखंड दर्शन, खबर मन्त्र, स्वतंत्र प्रभात, अमर भास्कर, झारखंड न्यूज़24 और क्राफ्ट समाचार सहित विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म्स के लिए स्वतंत्र रूप से लेखन कर रहे हैं। इसके साथ ही वह झारखंड न्यूज़24 में राज्य प्रभारी के रूप में भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का प्रमुख फोकस जमीनी मुद्दों सामाजिक न्याय लोकतांत्रिक विमर्श और जनहित से जुड़े विषयों पर रहा है। आदिवासी समुदायों से संबंधित मुद्दों पर उन्होंने जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है और समुदाय के बीच जाकर उनके सामाजिक सरोकारों चुनौतियों और स्थानीय परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया है। प्रत्यक्ष अनुभव और स्थानीय संदर्भों को अपनी रिपोर्टिंग में शामिल करना उनकी पत्रकारिता की एक महत्वपूर्ण विशेषता है। हंसराज को राजनीतिक संवाद और मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में भी कार्य करने का अनुभव है। उनका मानना है कि पत्रकारिता की भूमिका केवल सूचना उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है बल्कि जनता से जुड़े महत्वपूर्ण सवालों को सामने लाना और उन्हें व्यापक सार्वजनिक विमर्श का हिस्सा बनाना भी पत्रकार की जिम्मेदारी है।शैक्षणिक रूप से हंसराज रांची विश्वविद्यालय से हिंदी साहित्य में स्नातकोत्तर (2024–26) कर रहे हैं। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि और पत्रकारिता के व्यावहारिक अनुभव का मेल उनके लेखन को विषय की समझ और भाषा दोनों स्तरों पर मजबूती प्रदान करता है।हजारीबाग जिले के बरगड्डा गांव से आने वाले हंसराज वर्तमान में रांची में रहते हैं। वह पत्रकारिता और स्वतंत्र लेखन के माध्यम से झारखंड के जमीनी मुद्दों सामाजिक बदलाव और जनसरोकार से जुड़े विषयों को लगातार सामने ला रहे हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *