बाइक की सीट के अंदर निकला सांप, मची अफरा-तफरी
लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद निकाला गया सांप, टली बड़ी अनहोनी
भुरकुंडा
मुकेश कुमार
भुरकुंडा बिरसा चौक पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बाइक की सीट के अंदर सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सांप को बाइक से बाहर निकाला गया।
मिली जानकारी के अनुसार, 48 यूनिट निवासी बालमुकुंद कुमार सेंट्रल सौंदा से लौटकर अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान भुरकुंडा बिरसा चौक पर कुछ सामान खरीदने के लिए उन्होंने अपनी बाइक खड़ी की। सामान लेने के दौरान उनकी नजर बाइक की सीट के अंदर मौजूद सांप पर पड़ी। बाइक में सांप देखकर वे हैरान रह गए और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने सावधानीपूर्वक काफी मशक्कत के बाद सांप को बाहर निकाला। गनीमत रही कि समय रहते सांप का पता चल गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
