रामलीला में परशुराम का किरदार निभा रहे कलाकार को आया हार्ट अटैक, अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत
संवाददाता : गढ़वा
गढ़वा जिले अंतर्गत डंडई के करके गांव में रामलीला के दौरान भगवान परशुराम का किरदार निभा रहे एक कलाकार की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। मृतक व्यक्ति की पहचान 40 वर्षीय विनोद प्रजापति के रूप में हुई है। वो डंडई के ही रहने वाले थे। दरअसल गढ़वा के डंडे स्थित करके गांव में रामलीला का आयोजन किया गया था और स्टेज पर रामलीला का मंचन किया जा रहा था। रामलीला के दौरान रामायण के सीता स्वयंवर का प्रसंग चल रहा था। इसी क्रम में धनुष तोड़ने के बाद भगवान परशुराम का किरदार निभा रहे बिनोद प्रजापति वहां पहुंचते हैं। जोर से चिल्लाते हुए कहते हैं, धनुष को किसने तोड़ा ? धनुष को किसने तोड़ा जल्दी बताओ जल्दी बताओ। इसके बाद अचानक विनोद प्रजापति मंच पर बेहोश होकर गिर पड़े। विनोद प्रजापति के गिरने के साथ ही मंच को पर्दा से बंद कर दिया गया। आनन- फानन में उन्हें इलाज के लिए तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के अनुसार विनोद प्रजापति की मौत हार्ट अटैक से हो गईं। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।